16 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

US-Iran War: अमेरिकी हमले के बाद ईरान का सख्त बयान, बातचीत से किया इनकार

US Iran Conflict: ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत से इनकार करते हुए कहा है कि पहले अमेरिका को अपनी जिम्मेदारियां और पुराने समझौते निभाने होंगे।
3 min read
Google source verification

भारत

image

Devika Chatraj

Jul 16, 2026

Esmaeil Baghaei

ईरान ने अमेरिका से बातचीत से किया इनकार (ANI)

Middle East Tension: पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत को लेकर बड़ा बयान दिया है। ईरान ने साफ कर दिया है कि जब तक अमेरिका अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं करता और पुराने समझौतों का पालन नहीं करता, तब तक दोनों देशों के बीच बातचीत की कोई संभावना नहीं है। ईरान के इस रुख को मौजूदा हालात में बेहद अहम माना जा रहा है।

अमेरिका के साथ बातचीत पर ईरान का रुख साफ

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने बुधवार को कहा कि फिलहाल अमेरिका के साथ दोबारा बातचीत शुरू करने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में ईरान का पूरा ध्यान अपनी रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है। बघाई ने कहा, अभी बातचीत की कोई योजना नहीं है। इस समय हमारा ध्यान अपनी सुरक्षा और रक्षा तैयारियों को मजबूत करने पर केंद्रित है। ईरानी प्रवक्ता का यह बयान अमेरिका के उन दावों के बाद आया है, जिनमें कहा गया था कि सैन्य दबाव के जरिए ईरान को दोबारा बातचीत की मेज पर लाया जा सकता है।

ईरान ने अमेरिका पर लगाया समझौते की शर्तें नहीं निभाने का आरोप

ईरान ने अमेरिका पर पहले हुए समझौतों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया है। इस्माइल बघाई ने कहा कि किसी भी समझौते की सफलता तभी संभव है, जब दोनों पक्ष अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी और पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएं। उन्होंने कहा कि अगर कोई पक्ष अपने वादों को पूरा नहीं करता है, तो दूसरे पक्ष को भी अपनी प्रतिबद्धताओं की समीक्षा करने का अधिकार है। ईरान ने संकेत दिया है कि भविष्य में भी वह किसी भी समझौते में अपनी सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देगा।

सैन्य कार्रवाई की स्थिति में ईरान की चेतावनी

अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने सैन्य कार्रवाई को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। तेहरान ने चेतावनी दी है कि अगर उसके खिलाफ कोई सैन्य कदम उठाया जाता है, तो उसका जवाब पूरी ताकत के साथ दिया जाएगा। बघाई ने कहा कि ईरानी सेना किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी दावा किया कि देश के भीतर अमेरिकी दबाव का सामना करने के लिए जनता और सरकारी संस्थानों का समर्थन मौजूद है।

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव क्यों बढ़ रहा है?

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कई सालों से चला आ रहा है। हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच बढ़ती सैन्य गतिविधियों, तीखे बयानों और आसपास के इलाकों में हो रही घटनाओं की वजह से हालात और ज्यादा नाजुक हो गए हैं। अमेरिका का कहना है कि उसकी सैन्य कार्रवाई का मकसद इलाके में शांति और सुरक्षा बनाए रखना है और उन गतिविधियों को रोकना है, जिन्हें वह अपने सहयोगी देशों और दुनिया की सुरक्षा के लिए खतरा मानता है।

ईरान ने अमेरिका के आरोपों को किया खारिज

वहीं, ईरान इन आरोपों को लगातार खारिज करता रहा है। तेहरान का कहना है कि उसकी नीतियां केवल अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय हितों की रक्षा के लिए हैं। दोनों देशों के बीच बढ़ता तनाव होर्मुज स्ट्रेट जैसे जरुरी समुद्री रास्तों को लेकर भी चिंता बढ़ा रहा है। यह क्षेत्र वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। किसी भी सैन्य टकराव का असर दुनिया भर के बाजारों और तेल आपूर्ति पर पड़ सकता है।

क्या अमेरिका और ईरान के बीच दोबारा शुरू होगी बातचीत?

फिलहाल ईरान के बयान से संकेत मिल रहे हैं कि वह कूटनीतिक बातचीत के बजाय अपनी सुरक्षा रणनीति को प्राथमिकता दे रहा है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय तक जारी तनाव दोनों देशों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।