11 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

US-Iran Talk: ईरानी विदेश मंत्री अराघची पहुंचे ओमान, तेहरान के पास हुआ धमाका

रान-अमेरिका तनाव के बीच विदेश मंत्री अराघची वार्ता के लिए मस्कट पहुंचे, तेहरान में धमाके की खबर। ईरान ने अमेरिकी हमलों से 30 करोड़ डॉलर के शोध नुकसान का दावा किया।
2 min read
Google source verification
Iran foreign minister Syed Abbas Araghchi

ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची (फोटो- एएनआई)

Abbas Araghchi in Oman: अमेरिका और ईरान (US-Iran War) के बीच तनाव एकबार फिर बढ़ गया है। हवाई हमलों के बीच ईरानी विदेशी मंत्री व वर्ताकार अब्बास अराघची ओमान की राजधानी मस्कट पहुंच चुके हैं। इसी बीच तेहरान के पूर्वी इलाके में धमाके की आवाज भी सुनी गई है। ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि पाकदश्त और कियामदश्त क्षेत्र के निवासियों ने विस्फोट की आवाज सुनी। धमाके का कारण और सही स्थान अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, और इस पर अब तक कोई सरकारी बयान नहीं आया है।

अब्बास अराघची पहुंचे ओमान

ईरानी न्यूज एंजेंसी तस्नीम ने रिपोर्ट किया कि ओमानी अधिकारियों ने मस्कट एयरपोर्ट पर विदेश मंत्री अब्बास अराघची की अगवानी की। बताया जा रहा है कि उनकी इस यात्रा का उद्देश्य अमेरिका-ईरान के बीच चल रही वार्ता प्रक्रिया को आगे ले जाना है। दूसरी ओर, ईरान ने अमेरिकी हमलों से हुए बड़े नुकसान का दावा किया है। ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय में विज्ञान, तकनीक और ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्था से जुड़े मामलों के उपाध्यक्ष हुसैन अफशीन ने बताया कि युद्ध के चलते देश के शोध ढांचे को करीब 30 करोड़ डॉलर की क्षति पहुंची है।

ईरान साइंस सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहा: हुसैन अफशीन

समाचार एजेंसी IRNA से बात करते हुए हुसैन अफशीन ने कहा कि जिन उभरती तकनीकों पर देश काम कर रहा था उनका कोई सैन्य मकसद नहीं था। उन्होंने कहा कि दुश्मन ने ईरान की वैज्ञानिक क्षमता को निशाना बनाया है। जिसे अब पहले से भी ज्यादा मजबूती से पुनर्निर्मित किया जाएगा। हुसैन ने यह भी कहा कि ईरान विज्ञान-तकनीक के क्षेत्र में एक बड़ी शक्ति बनने की दिशा में प्रयासरत है, क्योंकि जो देश इस क्षेत्र में निवेश करता है वही आगे बढ़ता है।

देश के दुश्मनों पर हमारी नजर है: इस्माइल बाघेई

इसके अलावा ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने कहा कि देश की सेना दुश्मन की हरकतों पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि सशस्त्र बल सीमाओं, तटों, द्वीपों और अन्य संवेदनशील ठिकानों पर सतर्कता बनाए हुए हैं, और अपने प्रयासों से देश की सुरक्षा एवं शांति सुनिश्चित करने में जुटे हैं।