
हिजबुल्लाह की साजिश नाकाम (X)
कुवैत में सुरक्षा एजेंसियों ने एक गंभीर साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया है। देश की टॉप लीडरशिप की हत्या की योजना बनाने के आरोप में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले की पुष्टि कुवैत के गृह मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में की है।
गृह मंत्रालय के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी कथित तौर पर ईरान समर्थित संगठन हिजबुल्लाह से जुड़े हुए हैं। जांच में सामने आया है कि ये लोग कुवैत के नेताओं की हत्या की साजिश रच रहे थे और देश की सुरक्षा व स्थिरता को नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 6 लोगों में से 5 कुवैती नागरिक हैं। वहीं, इस साजिश में शामिल अन्य 14 आरोपी देश छोड़कर फरार हो चुके हैं। फरार लोगों की पहचान कर ली गई है, जिनमें 5 कुवैती नागरिक, 5 ऐसे कुवैती, जिनकी नागरिकता पहले ही रद्द की जा चुकी है। 2 ईरानी नागरिक, 2 लेबनानी नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जासूसी गतिविधियों में शामिल होने की बात कबूल की है। साथ ही, उन्होंने हिजबुल्लाह से अपने संबंधों को भी स्वीकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि यह नेटवर्क कुवैत के खिलाफ संगठित तरीके से काम कर रहा था।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पब्लिक प्रॉसीक्यूटर के समक्ष पेश किया गया है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं, ताकि इसके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन और अन्य संदिग्धों की पहचान की जा सके।
इस घटना के बाद कुवैत में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की साजिश को समय रहते रोका जा सके।
ईरान-इजराइल तनाव के बीच यह मामला और भी संवेदनशील हो गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और क्षेत्रीय संघर्ष के बीच, ऐसे नेटवर्क देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियां इस बात पर भी ध्यान दे रही हैं कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान-इजरायल के बीच चल रही तनावपूर्ण परिस्थितियों का स्थानीय सुरक्षा पर क्या प्रभाव पड़ सकता है।
Published on:
26 Mar 2026 09:37 am
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
US Israel Iran War
