
BLAST IN PAKISTAN (फाइल फोटो)
Pakistan IED Explosion: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पख्तूनख्वा में एक पुलिस वाहन को निशाना बनाकर किए गए विस्फोट में दो पुलिसकर्मियों सहित 9 लोग मारे गए। वहीं, इस हादसे में करीब 30 लोग घायल होने की खबर सामने आ रही है। पुलिस को शक है कि यह धमाका किसी गाड़ी में रखे IED से किया गया था। मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को पाकिस्तान के लक्की मारवत जिले के सराय नौरंग कस्बे में बम से लदे एक रिक्शा में धमाका हुआ। यह इलाका अफगानिस्तान की सीमा से सटा हुआ है। स्थानीय पुलिस प्रमुख अजमत उल्लाह के अनुसार, मृतकों में दो यातायात पुलिसकर्मी और एक महिला शामिल हैं। यह हमला पास के बन्नू जिले में एक सुरक्षा चौकी पर बम विस्फोट और गोलीबारी में 21 पुलिस अधिकारियों की मौत के कुछ दिनों बाद हुआ है।
आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसी रेस्क्यू 1122 ने बताया कि लगभग 30 लोग घायल हुए हैं और गंभीर रूप से घायल लोगों को बन्नू के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। टीएचक्यू अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक मोहम्मद इशाक ने बताया कि उन्हें अब तक 37 मरीज मिले हैं और उनमें से कुछ की हालत गंभीर है।
जांच के लिए इलाके को सील कर दिया गया है। विस्फोट के बाद बम निरोधक दल मौके पर पहुंचा और विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभी तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। विस्फोट एक भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में हुआ, इसलिए हमले वाली जगह से गुजर रहे बड़ी संख्या में नागरिक भी मारे गए और घायल हुए।
पाकिस्तान ने इस हमले के लिए तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के नाम से मशहूर पाकिस्तानी तालिबान समूह को जिम्मेदार ठहराया है। यह समूह अफगानिस्तान की तालिबान सरकार से अलग है, लेकिन उसका सहयोगी है और हाल के वर्षों में इसने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। अफगान तालिबान प्रशासन ने मंगलवार को इस आरोप को खारिज कर दिया।
Updated on:
12 May 2026 04:22 pm
Published on:
12 May 2026 02:43 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
