2 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पाकिस्तान में शांति रैली के दौरान धमाका: 7 लोगों की मौत, 18 घायल

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में शांति रैली के दौरान हुए संदिग्ध आत्मघाती धमाके में 7 लोगों की मौत और 18 लोग घायल हो गए। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Aug 02, 2026

Pakistan Blast, Pakistan Suicide Blast, Swat Blast, Khyber Pakhtunkhwa, Pakistan News,

पाकिस्तान में शांति रैली के दौरान धमाका, 7 लोगों की मौत (फोटो - एक्स/@akshay_vicky)

Pakistan Blast: पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में रविवार को शांति रैली के दौरान हुए एक भीषण धमाके में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए। यह घटना स्वात जिले के कबाल कस्बे में हुई जहां स्थानीय लोग इलाके में शांति बहाल करने की मांग को लेकर एकत्र हुए थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमले का मुख्य निशाना पाकिस्तानी पुलिसकर्मी थे हालांकि घटना में आम नागरिक भी इसकी चपेट में आ गए।

आत्मघाती हमले की आशंका

स्वात पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट उस समय हुआ, जब रैली अपने चरम पर थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक हुए तेज धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, शुरुआती जांच में यह आत्मघाती हमला प्रतीत हो रहा है लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बचाव अभियान तेज, इलाके को किया गया सील

धमाके के तुरंत बाद पुलिस, बचाव दल और एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी मौके पर पहुंचकर विस्फोट से जुड़े सबूत जुटाने में लगी है।

शांति की मांग को लेकर निकाली गई थी रैली

रिपोर्ट के मुताबिक, इस रैली का आयोजन स्थानीय जनजातीय परिषद 'स्वात अमन जिरगा' ने किया था। हाल के महीनों में स्वात और आसपास के इलाकों में सुरक्षा स्थिति लगातार बिगड़ने के बाद स्थानीय लोगों ने शांति और सुरक्षा की मांग को लेकर यह रैली निकाली थी। प्रदर्शनकारी हाथों में प्लेकार्ड लेकर नारे लगा रहे थे और सरकार से क्षेत्र में स्थायी शांति बहाल करने की मांग कर रहे थे।

फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। सुरक्षा एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही हैं और हमले के पीछे शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास जारी है।