7 दिसंबर 2025,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

यूक्रेन के साथ सीमित युद्ध विराम के लिए राजी हुए पुतिन! अमेरिका के साथ गहरी होगी रूस की दोस्ती

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बताया कि युद्ध विराम की शुरुआत के तौर पर यूक्रेन और रूस बुधवार को 175 कैदियों की अदला-बदली करेंगे।

3 min read
Google source verification

भारत

image

Anish Shekhar

Mar 19, 2025

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन। (फोटो- IANS)

तीन साल से ज्यादा समय से चल रहे रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर मंगलवार को खुशखबर आई। अमेरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दो घंटे से ज्यादा लंबी टेलीफोन बातचीत के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कुछ शर्ताें के साथ 30 दिन के सीमित युद्ध विराम पर राजी हो गए। पुतिन ने सहमति जताई कि युद्ध विराम अवधि में रूस यूक्रेन के ऊर्जा और बुनियादी ढांचों पर हमले नहीं करेगा। उन्होंने यह शर्त जरूर जोड़ी कि युद्ध विराम अवधि में यूक्रेन हथियार एकत्र करने जैसी आगे की तैयारी नहीं करेगा।

टेलीफोन शिखर वार्ता के बाद ट्रंप और पुतिन ने बातचीत को शांति की दिशा में अहम बताया है। वाइट हाउस की प्रेस प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने बताया कि बातचीत में दोनों नेताओं में इस बात पर सहमति बनी है कि इस संघर्ष को स्थायी शांति के साथ समाप्त करने की आवश्यकता है। रूस ने सहमति जताई कि 30 दिनों के युद्धविराम पर शर्तों के साथ आगे बढ़ने को तैयार है। काला सागर में सामुद्रिक युद्ध विराम के साथ पूर्ण युद्ध विराम और स्थायी शांति की दिशा में आगे बढ़ने के लिए अब एक तकनीकी वार्ता का दौर शुरू होगा। ये वार्ता मध्य पूर्व में तुरंत शुरू होगी।

यूक्रेन जता चुका सहमति

गौरतलब है कि यूक्रेन पहले ही सऊदी अरब में अमरीका के साथ वार्ता के दौरान 30 दिन के आंशिक युद्ध विराम पर सहमति जता चुका है। जिस समय ट्रंप और पुतिन की बातचीत चल रही थी, उस समय जेलेंस्की समर्थन जुटाने के लिए फिनलैंड के दौरे पर थे।

रूस ने रखी यूक्रेन की सैन्य मदद रोकने की शर्त

रूस की ओर से क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्रि पेस्कोव ने कहा कि बातचीत में रूस के कुर्स्क क्षेत्र में घेरे गए यूक्रेनी सैनिकों के भविष्य के बारे में भी चर्चा हुई। रूस ने यह गारंटी मांगी है कि कीव युद्धविराम का उपयोग खुद को फिर से हथियारबंद होने और अपनी सैन्य क्षमता बढ़ाने के लिए नहीं करेगा। माना जा रहा है कि रूस की ओर से यह शर्त यूक्रेन को तत्काल पश्चिमी देशों से मिल रही सैन्य मदद रोकने के बारे में है।

यह भी पढ़ें: Patrika Explainer सुनीता विलियम्स की वापसी पर NASA ने कहा- सफल रहा मिशन, 420 किमी ऊपर आइएसएस से आने में 17 घंटे क्यों लगे?

गहरी दोस्ती की ओर बढ़े रूस-अमरीका

दोनों नेताओं की बातचीत से लगा कि रूस और अमरीका अपनी परंपरागत अदावत छोड़कर दोस्ती गहरी करने में लगे हैं। बातचीत में ट्रंप और पुतिन ने भावी टकरावों को रोकने के बारे में पश्चिम एशिया पर भी चर्चा की। दोनों नेताओं ने इस पर सहमति जताई की ईरान को कभी भी इजरायल को नष्ट करने की स्थिति में नहीं होना चाहिए। इसी के साथ, उन्होंने आगे रणनीतिक हथियारों के प्रसार को रोकने की आवश्यकता उस पर अमल के लिए पर भी चर्चा की और इसको अमल में लाने के लिए दोनों देशों ने एक-दूसरे के साथ जुड़ने का भी संकल्प लिया। दोनों नेता इस पर सहमत थे कि अमरीका और रूस के बीच बेहतर द्विपक्षीय संबंधों का भविष्य में बहुत लाभ होगा। इससे दोनों देशों में बड़े पैमाने पर आर्थिक समझौते और भू-राजनीतिक स्थिरता को बल मिलेगा।

इस तरह शुरू होगा युद्ध विराम

दोनों देश आज करेंगे 175 कैदियों की अदला-बदली
पुतिन ने ट्रंप को बताया कि युद्ध विराम की शुरुआत के तौर पर यूक्रेन और रूस बुधवार को 175 कैदियों की अदला-बदली करेंगे। पुतिन ने कहा, सदाशयता के तौर पर रूस 23 गंभीर रूप से घायल कैदियों को यूक्रेन को सौंप देगा, जिनका फिलहाल रुसी अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

अमरीकी रूस खेलेंगे आइस हॉकी

वहीं, ट्रम्प ने पुतिन के अमरीका और रूस के एनएचएल और केएचएल के खिलाड़ियों के बीच हॉकी (आइस) मैच आयोजित करने के विचार का भी समर्थन किया।