5 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शहबाज शरीफ ने ट्रंप को दिया भारत और पाकिस्तान में युद्ध रुकवाने का क्रेडिट, कहा- हम हमेशा आभारी रहेंगे

शहबाज शरीफ ने भारत पाकिस्तान युद्धविराम के लिए डोनाल्ड ट्रंप को श्रेय देते हुए उन्हें शांति पुरुष बताया। हालांकि भारत शुरुआत से ही मई 2025 के युद्धविराम को दोनों देशों के सैन्य संवाद का परिणाम बता रहा है।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Himadri Joshi

Jun 05, 2026

Shahbaz Sharif and Trump

शाहबाज शरीफ और ट्रंप (फोटो- व्हाइट हाउस एक्स पोस्ट)

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक बार फिर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तारीफ की है। इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शरीफ ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच मई 2025 में हुआ युद्धविराम ट्रंप की पहल का नतीजा था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान इस भूमिका के लिए हमेशा अमेरिका और ट्रंप का आभारी रहेगा। शरीफ ने कहा कि उनकी पहल ने दक्षिण एशिया को बड़े संकट से बचाया। इस बयान के बाद युद्धविराम को लेकर बहस फिर तेज हो गई है।

ट्रंप की भूमिका का कई बार दावा कर चुका पाकिस्तान

शहबाज शरीफ ने अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ पर आयोजित समारोह में कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की पहल ने दोनों देशों के बीच तनाव कम करने में मदद की। पाकिस्तान लगातार यह दावा करता रहा है कि मई 2025 के तनाव के दौरान अमेरिका ने मध्यस्थता की थी। ट्रंप भी कई मंचों पर दावा कर चुके हैं कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच शांति बहाल कराई थी।

भारत इन दावों से करता आया है इनकार

हालांकि भारत हर मौके पर पाकिस्तान और ट्रंप दोनों के दावों को खारिज करता आया है। नई दिल्ली का कहना है कि युद्धविराम किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता से नहीं बल्कि दोनों देशों के सैन्य अधिकारियों के बीच सीधे संवाद से हुआ था। विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा था कि यह समझौता दोनों देशों के डीजीएमओ स्तर की बातचीत के बाद बना। भारत ने यह भी कहा कि अमेरिका के साथ किसी बातचीत में व्यापार या टैरिफ जैसे मुद्दे शामिल नहीं थे। भारत का रुख रहा है कि जम्मू कश्मीर और सीमा सुरक्षा से जुड़े मामले द्विपक्षीय स्तर पर ही सुलझाए जाएंगे।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों में बढ़ा तनाव

बता दें कि, अप्रैल 2025 में जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। भारतीय सेना ने 7 मई 2025 को पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था। कुछ दिनों बाद युद्धविराम की घोषणा हुई, जिसके बाद से ट्रंप लगातार अपनी भूमिका का जिक्र करते रहे हैं। शुक्रवार को भी ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने आठ युद्ध समाप्त कराए हैं।