
Sri Lanka
दुनियाभर में घूमने-फिरने के दीवानों की कोई कमी नहीं है। हर देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी पर्यटन काफी अहम है। पर्यटन कई देशों के लिए कमाई का एक बेहतरीन ज़रिया है। दुनियाभर के कई देशों में पर्यटन से आर्थिक मज़बूती मिलती है और साथ ही इससे जुड़े दूसरे कई व्यवसायों को भी काफी मदद मिलती हैं। पिछले कुछ सालों में भारत की छवि दुनियाभर में बेहद ही मज़बूत हुई है। साथ ही भारत की अर्थव्यवस्था में भी मज़बूती आई है और देश का दुनियाभर में एक अलग ही मुकाम बन गया है। इस वजह से आजकल दुनिया के कई देश भारतीय पर्यटकों को काफी अहमियत दे रहे हैं। भारतीय पर्यटकों की संख्या भी तेज़ी से बढ़ रही है और कई देश चाहते हैं कि वहाँ भारतीय पर्यटक ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में आए। ऐसे में कई देश जहाँ भारतीय पर्यटकों को वीज़ा ऑन अराइवल की सुविधा देते हैं तो अब कई देशों ने भारतीय पर्यटकों को बिना वीज़ा के एंट्री देना भी शुरू कर दिया है। पिछले कुछ समय में कई देशों ने भारतीयों को बिना वीज़ा के घूमने की सुविधा दी है। अब एक और देश भारत के नागरिकों को वीज़ा फ्री एंट्री देने की तैयारी में है।
श्रीलंका देगा भारत के नागरिकों को वीज़ा फ्री एंट्री
श्रीलंका ने भारत के नागरिकों को वीज़ा फ्री एंट्री देने का फैसला लिया है। भारत और श्रीलंका के बीच अच्छे संबंध रहे हैं और जब से श्रीलंका में आर्थिक संकट छाया है, तब से दोनों देशों के संबंधों में और मज़बूती आई है, क्योंकि जब किसी ने श्रीलंका की मदद नहीं की थी, तब भारत ही श्रीलंका की मदद के लिए आगे आया था। ज़रूरत पड़ने पर भारत ने हमेशा ही श्रीलंका की मदद की है। ऐसे में अब श्रीलंका ने अपने देश की अर्थव्यवस्था को वापस पटरी पर लाने के लिए पर्यटकों को वीज़ा फ्री एंट्री देने का फैसला लिया है, जिनमें भारत को खास जगह दी गई है।
35 देशों को मिलेगी सुविधा
श्रीलंका भारत समेत 35 देशों को वीज़ा फ्री एंट्री की सुविधा देगा। भारत के अलावा अमेरिका, यूके, चीन, जर्मनी, नीदरलैंड, बेल्ज़ियम, स्पेन, ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, पोलैंड, कज़ाकिस्तान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, नेपाल, इंडोनेशिया, रूस, थाईलैंड, मलेशिया, जापान, फ्रांस, कनाडा, चेक गणराज्य, इटली, स्विट्रज़लैंड, ऑस्ट्रिया, इज़रायल, बेलारूस, ईरान, स्वीडन, साउथ कोरिया, कतर, ओमान, बहरीन और न्यूजीलैंड भी श्रीलंका की वीज़ा फ्री एंट्री वाले देशों की लिस्ट में शामिल हैं।
कब से शुरू होगी यह सुविधा और कब तक रहेगी वैध?
श्रीलंका की वीज़ा फ्री यात्रा की सुविधा 1 अक्टूबर से शुरू होगी। यह पॉलिसी 6 महीने के लिए वैध रहेगी।
श्रीलंका के पर्यटन के साथ अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा फायदा
श्रीलंका के इस फैसले से देश में पर्यटन को काफी बढ़ावा मिलेगा। वीज़ा फ्री एंट्री से देश में आने वाले अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। पर्यटन बढ़ने से श्रीलंका की अर्थव्यवस्था को भी फायदा मिलेगा।
यह भी पढ़ें- भारत बना रूस से सबसे ज़्यादा तेल खरीदने वाला देश, चीन को छोड़ा पीछे
Updated on:
22 Aug 2024 04:45 pm
Published on:
22 Aug 2024 04:45 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
