
Strait Of Hormuz(AI Image-ChatGpt)
Strait Of Hormuz: ईरान और अमेरिका-इजरायल युद्ध के बीच दुनिया में जिसकी सबसे ज्यादा चर्चा रही वो है होर्मुज स्ट्रेट। दुनिया में बाहत बड़ा तेल का हिस्सा इस मार्ग से गुजरता है। युद्ध के बीच ईरान ने सबसे पहले इस मार्ग पर पाबंदी बढ़ाई और अमेरिका के साथ-साथ पूरी दुनिया को संकट में डाल दिया। अब खबर आ रही है कि ईरान ने जो टोल वसूलने का काम शुरू किया था, उससे ईरान की कमाई भी बहुत हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान की संसद के उपाध्यक्ष हमीदरेजा हाजीबाबएई ने दावा किया है कि इस जलमार्ग से वसूले गए टोल की पहली रकम देश के सेंट्रल बैंक तक पहुंच चुकी है। यानी अब यह बात आधिकारिक तौर पर माना जा रहा है कि ईरान जहाजों से शुल्क वसूल रहा है।
यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है जब ईरान का अमेरिका और इजरायल के साथ तनाव चरम पर रहा। इसी दौरान ईरान ने इस जलमार्ग से गुजरने वाले जहाजों पर नियंत्रण बढ़ाया और टोल लगाने की बात शुरू हुई। पहले इस रास्ते से गुजरना पूरी तरह मुफ्त था, लेकिन अब हालात बदलते दिख रहे हैं। ईरानी संसद के उपाध्यक्ष हमीदरेजा हाजीबाबाएई ने कहा कि टोल से हुई पहली कमाई को सेंट्रल बैंक के खाते में जमा कर दिया गया है। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि कितनी रकम वसूली गई और किन जहाजों से यह शुल्क लिया गया।
कुछ रिपोर्ट्स में पहले यह भी कहा गया था कि ईरान हर जहाज से करीब 20 लाख डॉलर (लगभग 18 करोड़ रुपये) तक का शुल्क मांग सकता है। हालांकि इस आंकड़े की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पहले ईरान ने ऐसे दावों को खारिज भी किया था। लेकिन शुल्क की रकम एक जैसी नहीं है। यह इस बात पर निर्भर करती है कि जहाज किस तरह का है, उसमें कितना सामान है और उससे जुड़ा जोखिम कितना है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि नियम ईरान तय करेगा,कितना शुल्क लगेगा और किससे लिया जाएगा।
अमेरिका इस पूरे मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि जो जहाज ईरान को गैर-कानूनी टोल देंगे, उन्हें समुद्र में सुरक्षित रास्ता नहीं मिलेगा। उन्होंने अमेरिकी नौसेना को ऐसे जहाजों को रोकने के निर्देश भी दिए हैं। इतना ही नहीं, अमेरिका ने ईरान से जुड़े जहाजों की आवाजाही पर अपनी तरफ से निगरानी और रोकथाम की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
Published on:
23 Apr 2026 07:30 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
US Israel Iran War
