
जहाज पर हमला (Representational Photo/ANI)
पिछले कुछ महीनों में जहाजों पर हमलों के मामलों में तेज़ी से इजाफा हुआ है। आए दिन ही इस तरह के मामले देखने को मिलते हैं और अब ऐसा ही एक और मामला सऊदी अरब (Saudi Arabia) के तट पर देखने को मिला, जब एक जहाज पर हमला हुआ। यह हमला सऊदी अरब के जुबैल से 78 नॉटिकल मील (145 किलोमीटर) उत्तर-पूर्व में शुक्रवार को एक छोटी नाव से किया गया, जिसकी जानकारी यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (UKMTO) ने दी।
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स के अनुसार हमले के लिए रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) का इस्तेमाल किया गया। इससे जहाज पर निशाना साधते हुए हमला किया गया, जिससे जहाज को भी नुकसान पहुंचा है। जानकारी के अनुसार इस हमले में जहाज का पिछला बायां हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
जहाज पर सवार सभी नाविकों की जान बचा ली गई है। कुछ नाविकों को मामूली चोट ज़रूर आई है, लेकिन सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
जहाज पर आरपीजी से किसने हमला किया, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि मामले की जांच शुरू कर दी गई है, जिससे जल्द से जल्द यह पता लगाया जा सके कि जहाज को किसने निशाना बनाया। हमले में जहाज को कितना नुकसान हुआ है और पर्यावरण पर इसका क्या असर पड़ा है, यह अभी पता नहीं चल पाया है। इसकी भी जांच चल रही है।
इस बात की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि जहाज पर हूती विद्रोहियों (Houthis) ने हमला किया था। हालांकि अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पिछले कुछ हफ्तों में हूतियों और सऊदी अरब के बीच तनाव काफी बढ़ गया है और दोनों पक्ष ही लगातार एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं। इन हमलों से दोनों पक्षों को नुकसान हो रहा है, लेकिन हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। हूतियों ने न सिर्फ सऊदी अरब के सैन्य ठिकानों को, बल्कि ऊर्जा और नागरिक ठिकानों को भी निशाना बनाया है और चेतावनी दी है कि अगर सऊदी अरब ने अपनी कार्रवाई बंद नहीं की, तो उसके हमले जारी रहेंगे।
Updated on:
17 Oct 2026 03:10 pm
Published on:
17 Oct 2026 02:49 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
