
जीन-नोएल बैरोट (File Photo)
इज़रायल (Israel) और लेबनान (Lebanon) के आतंकी संगठन हिज़बुल्लाह (Hezbollah) के बीच जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है। इज़रायली सेना लगातार साउथ लेबनान में हमले कर रही है। इज़रायली सेना के हमलों की वजह से साउथ लेबनान में अब तक जान-माल का भारी नुकसान हो चुका है और यह सिलसिला अभी भी बरकरार है। तड़के सुबह इज़रायली सेना ने साउथ लेबनान के नबातीह ज़िले में हवाई हमलों और तोपखाने से गोलाबारी करते हुए तबाही मचा दी। इज़रायली हमलों में 16 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए हैं। कई लोग इज़रायली हमले के बाद लापता भी बताए जा रहे हैं। इसी बीच अब फ्रांस (France) के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट (Jean-Noel Barrot) ने इस जंग को रोकने के लिए एक बड़ी सलाह दी है।
बैरोट ने अमेरिका को सलाह दी है कि लेबनान में हत्याओं को रोकने के लिए उसे इज़रायल पर दबाव बनाना चाहिए। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि फ्रांस की तरफ से लेबनानी सेना के लिए समर्थन जुटाने के मकसद से एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने की कोशिश की जा रही है।
हिज़बुल्लाह के खिलाफ जंग में साउथ लेबनान में इज़रायली सेना के 4 सैनिक मारे गए हैं, जिसकी जानकारी खुद इज़रायली सेना ने दी। मृतक सैनिकों में से एक की पहचान 32 वर्षीय लेफ्टिनेंट डोर गेदालिया बेन सिमोन के तौर पर हुई है, जो 52वीं बटालियन और 41वीं ब्रिगेड के कमांडर थे।
लेबनान में जंग के दौरान 4 इज़रायली सैनिकों के मारे जाने की घोषणा के बाद इज़रायल के दक्षिणपंथी राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्वीर (Itamar Ben-Gvir) ने पूरे लेबनान को जलाने की बात कही है। ग्वीर ने बयान जारी करते हुए कहा, "अमेरिकियों का पूरा सम्मान करते हुए भी, इज़रायल को पूरी दुनिया को यह साफ़ कर देना चाहिए कि हमारे बेटों का खून और हमारे नागरिकों की सुरक्षा दांव पर नहीं है। पूरे लेबनान को जला देना चाहिए। इज़रायल के नागरिकों और इज़रायली सैनिकों की सुरक्षा करना हमारा सबसे बड़ा फर्ज़ है और यह प्रतिबद्धता किसी भी दूसरी बात से ज़्यादा अहम है। मैंने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से हमारी निजी मुलाकातों में भी कहा था कि इज़रायली माँ के हर आंसू का बदला लेने के लिए लेबनान की हज़ारों माताओं को रुलाना चाहिए। लेबनान में इज़रायल को आक्रामक होना होगा। आतंक को पूरी तरह खत्म करना होगा और इसे कुचल देना चाहिए।"
Updated on:
20 Jun 2026 06:52 am
Published on:
19 Jun 2026 01:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
