
World’s longest-serving ruler Teodoro Obiang Nguema Mbasogo
लगभग 15 लाख लोगों की आबादी वाले पश्चिम अफ्रीकी (West African) तेल उत्पादक देश इक्वेटोरियल गिनी के 80 वर्षीय राष्ट्रपति तियोदोरो ओबियांग न्गुएमा माबासोगो की सत्ता का सूरज भ्रष्टाचार और तानाशाही के दाग के बावजूद पिछले 43 सालों से चमक रहा है। वे हर चुनाव में 90 प्रतिशत से अधिक मतों के साथ निर्वाचित होते आए हैं। एक बार फिर चुनाव हो रहे हैं और ओबियांग को उम्मीद है कि 20 नवंबर, 2022 की वोटिंग में उन्हें छठा कार्यकाल आसानी से मिल जाएगा। ओबियांग के खिलाफ एंड्रेस एसोनो ओंडो और ब्यूनावेंटुरा मोन्सु असुमू मैदान में है। एक ही समय में संसदीय और स्थानीय चुनाव, दोनों हैं।
लोकतंत्र की आड में तानाशाही
ओबियांग पर असहमति और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने का भी आरोप है। सरकार ने आरोपों से इनकार किया है। अधिकार समूहों का कहना है कि विरोध प्रदर्शनों की मनाही है, मीडिया पर भारी नियंत्रण है, और राजनीतिक विरोधियों (political opponents) को मनमाने ढंग से गिरफ्तार और प्रताड़ित किया जाना असामान्य नहीं है।
पिता की तरह बेटे का भी राजसी अंदाज
ओबियांग का बेटा तियोदोरो न्गुएमा ओबियांग मंगुएही (Teodoro Nguema Obiang Mangueh) देश का उपराष्ट्रपति भी है। उसे 2020 में एक फ्रांसीसी अदालत द्वारा गबन के लिए दोषी ठहराया गया था। माना जाता है कि उसने अवैध कमाई से जो संपत्ति खरीदी थी, उसमें माइकल जैक्सन द्वारा पहना जाने वाला क्रिस्टल से ढका दस्ताना, एक बख्तरबंद रोल्स-रॉयस लिमोजिन और एक नौका शामिल है।
सत्ता मालामाल, जनता कंगाल
ओपेक सदस्य (OPEC membe) राज्य में तेल और गैस उत्पादन राजस्व का लगभग तीन-चौथाई हिस्सा है। लेकिन 2015 में लगभग 160,000 बैरल प्रति दिन (बीपीडी) से उत्पादन हाल के वर्षों में घटकर लगभग 93,000 बीपीडी हो गया है। आलोचकों का कहना है कि ओबियांग के राज में तेल संपदा ने उनके दल की जेबें भर दी हैं, जो लक्जरी जीवन शैली जीता है जबकि शेष जनता गरीबी में रहने को अभिशिप्त है।
राजनीतिक विरोधियों को सीधे जेल
चुनाव से पहले धमकियां बढ़ गई है। सरकार के आलोचकों और विपक्षियों से जेलें भी भरी गईं। सितंबर में, सुरक्षा बलों ने एक प्रतिबंधित विपक्षी पार्टी के मुख्यालय पर छापा मारा और इसके कम से कम 100 सदस्यों को हिरासत में लिया। यह पार्टी संसद में एक सीट वाली इकलौती पार्टी है।
उम्मीद है कि जनता वोट से देगी चोट
मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का मानना है कि देश में लोग अपने मन की बात नहीं कह सकते। कहेंगे तो हिरासत में ले लिए जाएंगे, हालांकि ओबियांग ने विदेशों में अपनी छवि चमकाने के लिए मौत की सजा को खत्म कर दिया है। उम्मीद है कि लोग अपने वोट से इस तानाशाही सरकार को चोट देंगे।
Published on:
20 Nov 2022 02:37 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
