
याह्या सरी (Photo - Video Screenshot from @AJENews)
यमन (Yemen) में चल रही जंग गंभीर होती जा रही है। हूती विद्रोहियों (Houthis) और यमन की सरकारी सेना लगातार एक-दूसरे के इलाकों में हमले कर रहे हैं। वहीँ हूतियों और सऊदी अरब (Saudi Arabia) के बीच भी हमलों का सिलसिला जारी है। यमन की सरकार को सऊदी अरब का समर्थन प्राप्त है और इसी वजह से दोनों पक्षों में लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच सऊदी-नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मालिकी (Turki Al-Maliki) ने कहा है कि यमन की राजधानी सना में, जिस पर हूती विद्रोहियों का कब्ज़ा है, एक जगह से सामान्य नागरिकों को निकलने के लिए जल्द ही चेतावनी जारी की जाएगी। अल-मालिकी के अनुसार उस जगह में एक खास सैन्य अभियान चलाने के लिए लोगों को निकालना ज़रूरी है। इस चेतावनी पर अब हूती विद्रोहियों की तरफ से प्रतिक्रिया भी सामने आ गई है।
हूती विद्रोहियों के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी (Yahya Saree) ने सऊदी अरब को धमकी दी है कि अगर उनकी राजधानी सना में कहीं भी हमला किया गया, तो सऊदी अरब की राजधानी रियाद को इसका परिणाम भुगतना होगा और जवाब कड़े और दर्दनाक तरीके से दिया जाएगा।
सरी ने सऊदी अरब की सबसे बड़ी तेल कंपनी अरामको (Aramco) के ठिकानों पर हमले की धमकी दे दी है। सरी ने धमकी देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया और लिखा, "अरामको के तेल ठिकानों में काम करने वाले सभी वर्कर्स, एक्सपर्ट्स, इंजीनियरों और मज़दूरों को फिर से चेतावनी दी जाती है कि वो ऐसी जगहों पर न रहें जो हमारी सेना के निशाने पर हैं, जिससे उनकी जान को कोई खतरा न हो। चाहे वो जगहें पहले टारगेट की गई हों या नहीं। साथ ही एविएशन कंपनियों, वहाँ काम करने वाले लोगों और यात्रियों को भी पहले दी गई चेतावनी दोहराई जाती है।"
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि सरी ने सऊदी अरब की इंटरनेशनल एयरलाइन्स, यात्रियों, शिपिंग कंपनियों और एयरपोर्ट वर्कर्स को चेतावनी दी थी कि वो सभी सऊदी एयरपोर्ट और सऊदी एयरस्पेस से दूर रहें, क्योंकि इन्हें एक्टिव सैन्य अभियान क्षेत्र घोषित कर दिया गया है।
Updated on:
13 Oct 2026 06:34 pm
Published on:
13 Oct 2026 06:21 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
