मायावती के जन्मदिन पर बसपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा । कार्यक्रम सुबह ११ बजे से होना था । लिहाजा ग्रामीण इलाकों से लोग सुबह सात बजे ही घर से रवाना हो गए । पिछले दो दिनों से पूरा आगरा शीतलहर की चपेट में है । इसके बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते बन रहा था । ढोल की थाप पर नाचते गाते कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल की ओर आ रहे थे । आनेवालों के स्वागत के लिए तोरण द्वार के पास ही आदमकद हाथी की मूर्ति रखी थी । समारोह के स्थल के पास सैकड़ों की तादाद में छोटे- बड़े होर्डिंग लगे थे । जिधर देखो उधर ही नीला झंडा और मायावती की होर्डिंग नजर आ रही थी । मुख्य मंच और रास्तों पर नीले व सफेद रंग के हजारों बैलून टंगे थे ।
मायावती के अलावा महात्मा ज्योतिराव फुले, छत्रपति साहूजी महाराज और बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर की आदमकद कटआउट भी समारोह स्थल पर लगाए गए थे । कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए बारबार मंच से उन्हें अनुशासित रहने की हिदायत दी जा रही थी । उन्हें बताया जा रहा था कि बसपा को राष्ट्रीय पाटी का गौरव मिल गया है इसलिए कार्यकर्ताओं को अनुशासित तरीके से अच्छा व्यवहार करना चाहिए ।
देवी- देवता भी मेहरबान
मौसम में अचानक आए बदलाव और ठंडी हवाओं के बहने को शुभ संकेत बताते हुए मंच से कहा गया कि मायावती के जन्मदिन पर देवी-देवता भी खुश हो गए हैं । इसलिए ठंडी हवा बहाकर वे बहिन मायावती को आर्शीवाद दे रहे हैं । ईश्वर भी चाहते हैं कि मायावती प्रदेश की मुख्यमंत्री बनें ।
गरीबों को कंबल बांटे गए
मायावती के जन्मदिन को जनकल्याण दिवस के रुप में मनाया गया । प्रतीकात्मक रुप से आगरा जनपद के करीब ९० गरीबों को कंबल वितरित किया गया ।
केक काटे और लड्डू बांटे
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि सुनील चित्तौड़ ने मंच पर केक काटा तथा बहिन मायावती के दीर्घायु की कामना की । समारोह में आए सभी कार्यकर्तओं को लड्डू बांटे गए । मंच से ऐलान किया गया कि सभी लोग लड्डू खाकर जाएं ।
सीएम बनाना चाहते हैं
जन्म दिन समारोह में आए नरेन्द्र सागर, रमेश, महेश, सुरजीत भारती आदि ने कहा कि सपा सरकार की गुंडरगर्दी से परेशान हैं । हमलोग मायावती को मुख्यमंत्री बनते देखना चाहते हैं । उनके लिए हमलोग संघर्ष करने को तैयार हैं ।