7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जानिए, समीक्षा बैठक में खाद्य मंत्री ऐसा क्या बोले कि नागरिक आपूर्ति निगम अधिकारियों में मच गई अफरा-तफरी

कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे ने संभाग स्तरीय योजनाओं की समीक्षा की

2 min read
Google source verification
Reviewed the Food and Civil Supplies Minister's plans

Reviewed the Food and Civil Supplies Minister's plans

रीवा. कलेक्ट्रेट सभागार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे ने संभाग स्तरीय योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान मंत्री ने लापरवाही करने वालों को जमकर फटकार लगाई। चेतावनी दिया कि गरीबों के राशन में गड़बड़ी पाए जाने पर जिम्मेदारों की खैर नहीं होगी।

गोदाम में खाद्यान्न सडऩे के मामले पर विफरे मंत्री
समीक्षा के दौरान संभाग के रीवा, सीधी, सिंगरौली में खाद्यान्न सडऩे का मामला सामने आया तो मंत्री भडक़ गए। बताया गया कि खरीदी वर्ष 2012-13 में रीवा जिले के गोदामों में 422 टन धान, 20 टन चावल और ९५२ टन गेहूं, सीधी में 421 टन और सिंगरौली में 68 टन गरीबों का गेहूं व चावल सड़ जाने की रिपोर्ट पर मंत्री ने जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगाई। खाद्य मंत्री ने कहा जिम्मेदारों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराकर भंडारित गेहूं-चावल की कीमत की वसूली कराओ।

नान अधिकारियों ने जवाब दिया हमारे समय का नहीं
नान के अधिकारियों ने जवाब दिया कि हमारे समय का मामला नहीं है। पांच साल पुराना मामला है। इस दौरान मंत्री ने बायोमैट्रिक मशीन, आधार फीडिंग, गरीबी रेखा में नाम काटने और जोडऩे सहित पात्रता पर्ची आदि पर विस्तृत चर्चा और चेतावनी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी। बैठक में कलेक्टर प्रीति मैथिल, अपर कलेक्टर बीके पांडेय तथा रीवा संभाग के सभी जिलों के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं वेयर हाउस के अधिकारी उपस्थित रहे।

अभियान चला कर बांटे गैस कनेक्शन
समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि सिंगरौली जिले की 332 पंचायतों के सभी परिवारों को आगामी 15 अगस्त तक अभियान चलाकर गैस कनेक्शन प्रदान करें। इस दौरान निर्देश दिए कि जिन एससी-एसटी परिवार के जाति प्रमण-पत्र नहीं बने हैं उन्हें भी गैस कनेक्शन अभियान चलाकर दिया जाए।

सेल्समैनों के खिलाफ होगी कार्रवाई
बैठक में खाद्य मंत्री ने कहा कि पूरे संभाग में उचित मूल्य की दुकानें निर्धारित दिवसों में नहीं खुल रही हैं। दुकान खुलने का प्रतिशत बहुत कम है। हर सेल्समैन को केवल एक दुकान आवंटित करें। जो दुकानदार महीने में दस दिन से कम दुकान खोलता है उसके मानदेय में कटौती करें। दुकान न खोलने वाले सेल्समैनों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करें।

सात दिन में निगरानी समितियों का कराएं गठन
चना, मसूर तथा सरसों के समर्थन मूल्य पर उपार्जन की राशि जारी कर दी गई है। रीवा तथा सतना जिले के किसानों को तत्काल इसका भुगतान करायें। खाद्य मंत्री ने सुरक्षित भंडारण के अभाव में खाद्यान्न के खराब होने पर नाराजगी व्यक्त की।

वेयर हाउस के रिजन मैनेजर पर कार्रवाई
समीक्षा बैठक में अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ मंत्री ने कार्रवाई का निर्देश दिया है। बताया गया कि वेयर हाउस के क्षेत्रीय कार्यालय के रिजनल मैनेजर बैठक की जनकारी के बावजूद बाहर चले गए हैं, इसके अलावा कुछ प्रबंधक भी गायब रहे जिनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

समीक्षा बैठक खत्म होते ही भोपाल में हटाए गए एमडी
मंत्री समीक्षा बैठक के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ी पाए जाने पर बैठक खत्म होने के बाद ही भोपाल में एमडी के हटाए जाने की सूचना रीवा पहुंची। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार खाद्य मंत्री समीक्षा बैठक से बाहर निकलते ही टेलीफोन पर सीएस से चर्चा की और तत्काल प्रभाव से एमडी विकास नरवाल को हटाकर मुख्य निर्वाचन पदधिकारी कार्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। इनकी जगह राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम स्वाती मीणा नायक को जिम्मेदारी दी गई है।