सुसनेर. नगर में रंगपंचमी का पर्व रविवार को धूमधाम से मना। इस दौरान, लाल, हरा, पीला, गुलाबी से पूते चेहरे जश्न में डूबे थे। पंचमी के साथ ही होलिकात्सव का समापन हो गया। पचंमी पर इस बार सुबह से ही रंगों की फुहारें उड़ रही थीं। सुरक्षा के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिस की तैनाती रही। सराफा बाजार, सत्यनारायण गली, शुक्रवारिया चौराहा, मालीपुरा में युवाओं में खासा उत्साह था।
महिलाओं ने भी जमकर खेली होली
कॉलोनियों में अपराह्न महिलाओं की टोली होली खेलने निकली। दोपहर बाद तक होली खेली जाती रही। पड़ोस के घरों में जाकर दूसरी महिलाओं को रंगों से सराबोर किया। रंगों के साथ गुलाल भी जमकर बरसा। पंचमी पर सबसे अधिक उत्साह बच्चों व किशोरो में देखने को मिला।
गीत व संगीत पर थिरके युवा
ईतवारिया बाजार, सराफा, डॉक बंगला चौराहा आदि स्थानों से होली के रंगो में रंगकर युवा डीजे व ढोल पर खूब नाचे। कई क्षेत्रों में रंगों के पानी से त्योहार को अपने ही अंदाज में मनाया।
मूर्ख सम्मेलन का हुआ आयोजन
पं. दीनदयाल चौक पर मूर्ख सम्मेलन हुआ। नगर के गणमान्य लोगों ने शामिल होकर एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। सबसे बड़े मूर्ख के रूप में भाजपा नेता डॉ. गजेंद्रसिंह चन्द्रावत, महेश शर्मा, लक्ष्मणसिंह कांवल, भाजपा मंडल अध्यक्ष सजनसिंह कलारिया मौजूद थे। कांग्रेसी नेता घनश्याम गोयल ने होली की कविताएं सुनाईं। दिलीप जैन साग्याखेड़ी वाले ने नगर के प्रतिष्ठित लोगों पर लिखे व्यंग्य पढ़कर सुनाए। सम्मेलन में वरिष्ठों के साथ जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कर्मचारियों की पोलें खोली गईं।
दिनभर चला ठंडाई का दौर
दिनभर नगर में ठंडाई का दौर चला। भांग घोटा दुकानों में अच्छी खासी भीड़ देखी गई। इसके अलावा टोलियों के रूप में जगह-जगह ठंडाई तैयार करवाकर उसका आनंद लिया। प्रतिबंध के कारण पहले से ही लोगों ने शराबी की व्यवस्था कर रखी, तो कई स्थानों में बंद के बाद आसानी से उपलब्ध रही।
परीक्षा में व्यस्त रहे बच्चे
होली के एक सप्ताह पूर्व शुरू हुई बोर्ड परीक्षाओं के कारण दसवीं व 12वीं के विद्यार्थीरंग खेलने से होली की तरह रंगपंचमी पर भी वंचित रहे। वे परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे रहे। कुछ ने गुलाल लगाकर एक-दूसरे को शुभकानाएं दीं।
पुलिस रही मुस्तैद
रंगपंचमी पर भी पुलिस के जवान सुरक्षा के लिए तैनात दिखे। इसके अलावा निजी वाहनों व पुलिस वाहन से पुलिस के जवान पेट्रोलिंग करते नजर आए। नगर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस की विशेष सुरक्षा व्यवस्था रही।