आगरा। साल 2020 के अंतिम दिन यानि 31 दिसंबर की शाम को थाना सिकंदरा के रुनकता गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें तीन बच्चों की मौत हो गई, जबकि 5 को समय रहते बचा लिया गया। दरअसल, एक तालाब की खुदाई के दौरान मिट्टी की ढांग ढहने से उसमें कई बच्चे दब गए। बताया जा रहा है कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब तालाब के पास दर्जनभर बच्चे खेल रहे थे। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस-प्रशासन को दी। मौके पर पहुंची टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। जिसमें आठ बच्चों को मिट्टी हटाकर बाहर निकाला गया। इनमें से एक ही मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत दो ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं अन्य बच्चों की हालत ठीक बताई जा रही है।