20 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भाजपा सांसद ने नाले में डाली लकड़ी और फिर जो देखा तो दंग रह गए, देखें वीडियो

एडीए की कॉलोनी शास्त्रीपुरम में जलभराव, कूड़ा, पार्क, पेयजल टंकी की समस्या से हुए रूबरू, विधायक ने भी जताई चिन्ता

3 min read
Google source verification
rajkumar chahar

rajkumar chahar

आगरा। फतेहपुर सीकरी से भारतीय जनता पार्टी के सांसद राजकुमार चाहर और आगरा ग्रामीण से विधायक हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने शनिवार को आगरा विकास प्राधिकरण की कॉलोनी शास्त्रीपुरम का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां जो कुछ देखा, वह हैरान करने वाला था। न तो जलनिकासी है और न ही कूड़ा निस्तारण की कोई व्यवस्था। लोग यत्र-तत्र कूड़ा फेंकने के लिए विवश हैं। उन्होंने नाले में लकड़ी डालकर देखा तो पाया कि सिल्ट कभी हटाई ही नहीं है।

बारिश में मुसीबतों का पहाड़

फतेहपुर सीकरी से कोई सांसद पहली बार 800 एकड़ में बसी एडीए की कॉलोनी शास्त्रीपुरम की समस्याओं को देखने आया। ए ब्लॉक में उन्हें बताया गया कि बारिश नहीं है, लेकिन नालियों का पानी सड़क पर पर है। तीन साल से कॉलोनी में पानी भर रहा है। बारिश का पानी घरों में पानी घुस जाता है। द्वारिकापुरी में तो हाल इतना खराब है कि लोग पलायन कर रहे हैं। बारिश होते ही शास्त्रीपुरम के लोगों पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ता है। वे घरों में कैद होकर रह जाते हैं। पिछले तीन साल से यही समस्या बनी हुई है।

कूड़ाघर नहीं, टंकी चालू नहीं

एडीए ने एक स्थान सामुदायिक केन्द्र के लिए छोड़ा हुआ है। फिलहाल इसका उपयोग कूड़ा डालने के लिए किया जा रहा है। एडीए ने पूरी कॉलोनी में एक भी कूड़ाघर नहीं बनाया है। एसपी सिंह, संजय तिवारी, डीसी शर्मा, श्रवण कुमार सिंह, डीपी सिंघानिया, कैप्टन एसके शर्मा आदि ने सांसद को बताया कि न तो सामुदायिक केन्द्र बन रहा है और न ही कूड़ाघर। साथ चल रहे आगरा विकास प्राधिकरण के प्रभारी उपाध्यक्ष और एडीएम सिटी केपी सिंह तथा प्रभारी सचिव महेश वर्मा से उन्होंने पूछा कि यह क्या हो रहा है। एडीए की कॉलोनी तो सबसे अच्छी होनी चाहिए। उन्हें अवगत कराया गया कि नगर निगम से कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था कराने जा रहे हैं। इसके बराबर में ही पार्क बना हुआ है। इसकी भी चारदीवार टूटी हुई है। सांसद ने कहा कि पार्क ठीक कराएं। इसी पार्क में पानी की टंकी है, जो आज तक चालू नहीं हुई है। गंगाजल इसी कारण घरों तक नहीं पहुंच पा रहा है।

जलभराव की जड़ है नाला

इसके बाद सांसद को वह नाला दिखाया गया जो जलभराव की जड़ है। जब से यह नाला बना है, तभी से सफाई नहीं हुई है। नाला ऊपर तक भरा हुआ है। सांसद राजकुमार चाहर ने एक लकड़ी तोड़कर नाले में डाली तो पाया कि समस्या गहरी है। नाले में लकड़ी ऊपर ही रह गई। यह कुव्यवस्था देखकर उन्होंने नाराजगी प्रकट की। निर्देश दिया कि सिल्ट हटाने का काम जल्दी से जल्दी कराएं। अधिशासी अभियंता महेश वर्मा ने अवगत कराया कि अगली साल से पानी नहीं भरेगा। यहां का पानी यमुना में जाना है। रेलवे को 13 करोड़ रुपये दे दिए गए हैं। इसका प्रतिवाद एसके सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि आठ करोड़ रुपये रेलवे को दिए हैं और इसी कारण काम अटका हुआ है।

मलबा

सांसद को ए ब्लॉक में ही दूसरा पार्क दिखाया गया। इस पार्क की चारदीवार बनाई गई है, लेकिन मलबा नहीं उठाया गया है। पार्क की बुरी दशा देखकर चिन्ता प्रकट की। उन्होंने कहा कि इस पार्क को सुंदर बनाया गया। पार्क में दूसरा गेट बनाए जाने पर एसके सिंह ने आपत्ति की। तिकोनिया पार्क में सांसद का स्वागत किया गया। इस मौके पर बिचपुरी के ब्लॉक प्रमुख यशपाल राना, भाजपा के जिला मंत्री डॉ. सुनील राजपूत, भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राणा, भाजपा नेता उमेश सैंथिया, अजीत आदि मौजूद थे।