
Bjp worker protest throw ink
आगरा। यूपी नगर निकाय चुनाव (UP Nagar Nikay Chunav) में भाजपा के मेयर पद प्रत्याशी नवीन जैन के नामांकन की तैयारी चल रही थी। इस दौरान एक जनसभा हुई, जिसमें एक कार्यकर्ता ने अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए विधायक योगेंद्र उपाध्याय के ऊपर स्याही फेंक दी। कई अन्य नेता भी इसकी चपेट में आ गए, फिर क्या था गुस्साए अन्य कार्यकर्ताओं ने आरोपी के साथ जमकर मारपीट की। इस मामले में थाना लोहामंडी में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
ये है मामला
भाजपा से पार्षद का टिकट पाने के लिए इस बार लम्बी लाइन थी। 100 पार्षद सीटों के लिए एक हजार से अधिक लोगों ने आवेदन किया था। सूची जारी होने से पहले ही एक निवर्तमान पार्षद ने सांसद रामशंकर कठेरिया पर आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद महानगर संगठन पदाधिकारियों और संगठन पदाधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगे थे, लेकिन नामांकन के अंतिम दिन बेहद गंभीर घटना घटित हुई। आगरा कॉलेज खेल मैदान के सामने आयोजित जनसभा में वार्ड नंबर 20 से टिकट मांग रहे जितेंद्र वाल्मीकि ने अचानक विधायक योगेंद्र उपाध्याय और दूसरे नेताओं पर स्याही फेंक दी।
जमकर हुई धुनाई
विधायक और अन्य नेताओं पर स्याही गिरते ही मौजूद कार्यकर्ता गुस्से से आग बबूला हो गए।कार्यकर्ताओं ने जितेंद्र को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। कुछ वरिष्ठ नेताओं ने उसे बचाया। जितेंद्र वाल्मीकि का कहना था कि वह पुराना कार्यकर्ता है, लेकिन नेताओं ने साजिश कर उसको टिकट नहीं मिलने दी, जिसका विरोध जताने वह आया, तो उसके साथ अभद्रता की गई। इसके बाद अन्य नेता काफिले के साथ नगर निगम (Agra Nagar Nigam) नामांकन करने चल दिए। वहीं, योगेंद्र उपाध्याय घर चले गए।
लूट का मुकदमा लिखाया
ये मामला यहां शांत नहीं हुआ। भाजपा कार्यकर्ता नवीन गौतम ने थाना लोहामंडी में जितेंद्र वाल्मीकि के विरुद्ध लूट का मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमे में लिखाया गया है कि जितेन्द्र ने उनकी चेन तोड़ने का प्रयास किया, चेन ज्यादा मोटी होने के कारण वह नहीं टूटी। वे और अन्य लोग उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़े। खुद को बचाने के लिए शातिर ने आंखों में स्याही फेंकने का प्रयास किया।
Updated on:
07 Nov 2017 05:41 pm
Published on:
07 Nov 2017 01:16 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
