
आगरा में डॉक्टर ने एजेंट के साथ मिलकर बिकवा दिया महिला का नवजात का शिशु।
New Born Baby sold in Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित लोहामंडी के ऊषा देवी अस्पताल में नवजात को बेचने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर प्रसव कराने वाली अज्ञात डाक्टर और दो एजेंट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। डाक्टर पर शिशु को गर्भ में मृत बताकर सामान्य प्रसव कराने का आरोप है, जबकि वह जिंदा था। जानकारी के अनुसार जगदीशपुरा की रहने वाली नीलम ने आगरा पुलिस आयुक्त कार्यालय में पहुंचकर बताया कि वह आठ महीने की गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने पर उसे सात जुलाई 2023 को ऊषा देवी अस्पताल लोहामंडी में भर्ती कराया गया। यहां डाक्टर ने उसे बताया कि शिशु की धड़कन नहीं चल रही है। वह मर चुका है। तत्काल ऑपरेशन कराना होगा। इसमें 20 हजार रुपये खर्च होंगे।
नीलम ने बताया कि उस समय उसके पास 20 हजार रुपये नहीं थे। उसने यह परेशानी डॉक्टर को बताई। इसपर डॉक्टर ने अस्पताल में मौजूद एक महिला से उसे मिलाया। माया नाम की महिला ने कहा कि ऑपरेशन का खर्चा वह दे देगी, लेकिन अगर बच्चा जिंदा हुआ तो वह ले लेगी। गरीबी की मार के चलते उसने माया की शर्त मान ली। माया ने 20 हजार रुपये अस्पताल में जमा करा दिए। इसके बाद डाक्टर ने बिना ऑपरेशन सामान्य प्रसव करवा दिया। इस दौरान बताया कि आपका बच्चा जिंदा और स्वस्थ है। अपने वादे के अनुसार माया ने नीलम से बच्चा ले लिया।
बच्चे को देखने पहुंची मां तो पता चली सच्चाई
नीलम ने बताया कि बीते दिनों उसे बच्चे की याद आई तो वह माया के घर गई तो बच्चा वहां नहीं था। इसपर उसने माया से बच्चे के बारे में पूछा। माया ने बताया कि उसके शिशु को ज्ञान सिंह को दे दिया है। नीलम ने बताया वह माया से ज्ञान सिंह का पता लेकर उसके पास पहुंची। वहां पता चला कि ज्ञान सिंह ने उसके बच्चे को दिल्ली के किसी दंपति को बेच दिया है। इसपर नीलम के होश उड़ गए। बच्चे को वापस पाने के लिए वह थाने पर गई। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की, लेकिन कहीं से न्याय नहीं मिला। पुलिस आयुक्त डॅा. प्रीतिंदर सिंह ने एसीपी लोहामंडी सर्किल दीक्षा सिंह को जांच के आदेश दिए। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि इस मामले में अपहरण, धोखाधड़ी, साजिश और जान से मारने की धमकी की धाराओं में माया, ज्ञान सिंह और ऊषा देवी अस्पताल के अज्ञात डाक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिशु के दिल्ली में बेचने की जानकारी सामने आयी है। बरामदगी के लिए पुलिस टीम को वहां भेजा गया है।
आगरा से प्रमोद कुशवाह की रिपोर्ट
Published on:
07 Oct 2023 03:18 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
