
आगरा। आखिरकार किसान कब तक धैर्य धरें। गुरुवार को किसानों का धैर्य जवाब दे गया। मथुरा में 11 दिन से धरने पर बैठे भारतीय किसान यूनियन (भानु) के कार्यकर्ताओं ने जबर्दस्त हंगामा किया। तहसीलदार को बंधक बना लिया। रोड जाम कर दिया। आगरा में किसानों और मजदूरों ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय आगरा कैंट पर हंगामा काटा। उन्होंने आगरा-भरतपुर के बीच ट्रेन रद करने का विरोध किया। फिरोजाबाद में बंबा कटने से पानी आलू की फसल में घुस गया। इससे आलू सड़ने के आसार हो गए हैं। क्रोधित किसानों ने जमकर हंगामा किया।
मथुरा-सादाबाद रोड जाम
मथुरा में आवारा पशुओं की समस्या दूर करने समेत 11 सूत्री मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) का अनिश्चितकालीन धरना 11वें दिन भी जारी रहा। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता मथुरा-सादाबाद रोड पर जा बैठे। उन्होंने रोड पर जाम लगा दिया। इसके बाद मथुरा सादाबाद रोड जाम हो गया। वाहनों की लंबी कतार लग गई। रोड जाम होने की सूचना पर तहसीलदार महावन पवन कुमार पाठक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने भारतीय किसान यूनियन भानु के कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। इस पर किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार महावन पवन कुमार पाठक को अपने साथ ही धरना स्थल पर बैठाकर बंधक बनाने की घोषणा की। कई घंटे बीत जाने के बाद तहसीलदार को छोड़ा।
किसानों ने मजदूरों ने किया प्रदर्शन
आगरा-भरतपुर के बीच चलने वाली डीएमयू ट्रेन को रेलवे ने रद कर दिया है। कारण बताया है कोहरा। इसके विरोध में भारतीय किसान संघ के बृज प्रांत अध्यक्ष मोहन सिंह चाहर के नेतृत्व में किसानों और मजदूरों ने डीआरएम कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। मांग की कि ट्रेन को रद न किया जाए। बताया गया कि इस ट्रेन से सैकड़ों किसान और मजदूर रोज आते-जाते हैं।
फिरोजाबाद में आलू किसानों का हंगामा
हाथरस माइनर से आए बंबा में अचानक पानी की धार फूटने से किसानों की आलू की फसल जलमग्न हो गईं। काफी प्रयासों के बाद भी पानी को नहीं रोका जा सका। किसानों ने नहर विभाग के अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर नारेबाजी और हंगामा कर दिया। इस दौरान कई गांवों के किसानों की फसल पानी में डूब गई। हाथरस, सादाबाद होते हुए एक बंबा सिकरारी गांव से आगे के लिए जाता है। उस बंबे में शायद ही कभी पानी आता हो। बुधवार रात्रि बंबा में अचानक पानी आ गया और बंबा कई जगह से फूट गया। जिससे निकली पानी की धार आस-पास किसानों के आलू के खेतों में घुस गई। थोड़ी ही देर में खेत पानी से लबालब हो गए। किसानों ने जेसीबी मंगाकर अपने खेतों में घुस रहे पानी को किसी तरह रोका।
Published on:
13 Dec 2018 04:19 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
