
यमुना का पानी घाट के बाहर नगला पैमा चेक पोस्ट तक पहुंच गया है
Agra News:आगरा और मथुरा में यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोत्तरी के चलते आम जनजीवन काफी परेशानी भरा हो गया है। मथुरा में 150 कालोनियां डूब गई हैं और वहां स्टीमर से लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा रहा है। आगरा में ताजमहल के दशहरा घाट को डुबोते हुए अब यमुना पूर्वी गेट के पास पहुंचने को आतुर हो रही है। मथुरा में यमुना खतरे के निशान से 1.30 मीटर ऊपर है और आगरा में खतरे से निशान से अब मात्र 8 फीट की दूरी बची हुई है।
बात अगर मथुरा की करें तो वृंदावन में बांके बिहारी की गलियों तक यमुना का पानी भरा है और 150 कालोनियां डूब गई हैं। प्रशासन स्टीमर की मदद से लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा रहा है। खतरे के निशान 166 मीटर को यमुना पार कर अब 167.30 मीटर पर बह रही है। यहां गनीमत यह मान सकते हैं की पानी सोमवार से 2 सेंटीमीटर कम हुआ है।
ताजमहल तक पानी ही पानी
आगरा में यमुना के रौद्र रूप के चलते कैलाश महादेव मंदिर डूब गया है और यमुना स्वयं भगवान शिव का अभिषेक कर रही हैं। यहां पर अगले सोमवार लगने वाला ऐतिहासिक प्राचीन सावन का मेला स्थगित कर दिया गया है और मेले की तिथि 21 अगस्त कर दी गई है। घाट पर 12 चिन्हित मकानों को खाली करवा दिया गया है और एहतियातन बिजली व्यवस्था रोक दी गई है। ब्लकेश्वर , मनोहर पुर, दयालबाग आदि क्षेत्रों में डूब क्षेत्र में सैकड़ों निर्माण होने के चलते प्रशासन काफी परेशान है। इन मकानों के डूबने का डर लोगों को परेशान कर रहा है। बेलनगंज भैरो नाला बैक हो रहा है और कचहरी घाट,हाथी घाट, कछपुरा आदि क्षेत्रों में पानी भर रहा है। बात ताजमहल की करें तो सोमवार को यमुना ताजमहल की दीवारों से सट कर बह रही थी और आज दशहरा घाट डुबोने के बाद यमुना का पानी घाट के बाहर नगला पैमा चेक पोस्ट तक पहुंच गया है। यहां से 100 मीटर की दूरी पर ताजमहल का पूर्वी गेट है।
Published on:
18 Jul 2023 10:30 am
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
