22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कण – कण में राम कौन हवा में कर पाएगा, यूपी में 1सीट को तरसेंगे – दिनेश शर्मा

आगरा आए पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने भाजपा महिला मोर्चा के अभिनंदन समारोह और रामकथा में प्रतिभाग किया।

3 min read
Google source verification

आगरा

image

Avinash Jaiswal

Apr 07, 2023

dinesh_sharma.jpg

राम के नाम पर डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा ने विपक्ष पर साधा निशाना

आगरा आए पूर्व डिप्टी सीएम डॉ दिनेश शर्मा ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर जमकर जबानी हमला बोला। राम नाम की सियासत पर दिनेश शर्मा ने कहा की इंसान पैदा हरी नाम के साथ होता है और मरने के बाद हरिधाम जाता है। इस बीच जो कुकृत्य करता है, उसका फल इसी पृथ्वी पर मिलता है। राम कण - कण में हैं, उन्हे कौन हवा में उड़ा पाएगा। हवा में उड़ाने की बात करने पर जनता चुनाव में उन्हे उड़ा देगी। रामपुर और आजमगढ़ चुनाव देख कर लगता है की इस बार यूपी में विपक्ष 1 सीट के लिए भी तरस जायेगा। रामचरित मानस जलाने वालों को धर्म ग्रंथ के अपमान की बजाए अपने मन की ग्रंथियों को जलाना चाहिए।

विधान परिषद सदस्य एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के शुक्रवार को आगरा आगमन पर भाजपा महानगर महिला मोर्चा के बैनर तले महानगर अध्यक्ष श्रीमती उपमा गुप्ता के नॉर्थ विजय नगर कॉलोनी स्थित आवास पर सैकड़ों की संख्या में महिलाओं द्वारा डॉ. दिनेश शर्मा का स्वागत-अभिनंदन किया गया। भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष श्रीमती उपमा गुप्ता एवं उनकी टीम ने डॉ. दिनेश शर्मा को चांदी का मुकुट और राम दरबार की भव्य प्रतिमा भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत किया। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोषों से सभागार गूंजता रहा।

भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है मातृशक्ति

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अपना उद्बोधन देते हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि शक्ति का प्रतीक हमारी माता-बहनें देश और प्रदेश के विकास की प्रतिमूर्ति रही हैं। भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत और भारतीय जनता पार्टी के लिए सर्वोपरि मातृशक्ति है। इसीलिए हमारे देश की राष्ट्रपति ऐसी महिला हैं जिन्होंने संघर्ष के बलबूते अपना सर्वोच्च मुकाम हासिल किया है। भाजपा सरकार ने मातृशक्ति के हितों और अस्मिता का ख्याल रखते हुए उनके लिए आवास, शौचालय, गैस सिलेंडर और आटे के इंतजाम सहित सभी जरूरी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर मुहैया कराया है।

अब आ गया है समय कुछ करने का

दिनेश शर्मा ने कहा कि पहले की सरकारों में जहां शाम ढलते ही घर से निकलने में अपहरण और लूट का डर लगता था, वहीं आज देश और प्रदेश में महिलाएं अपने को सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर रही हैं। अब समय आ गया है कि महिलाएं देश का निर्माण करने के लिए कदम बढ़ाएं। घर घर जाएं और भारतीय जनता पार्टी की सरकारों की विकास की योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं। नगर निकाय के साथ-साथ आने वाले लोकसभा चुनाव में कमल का फूल खिलाए और मोदी जी को पुनः भारी बहुमत से प्रधानमंत्री बनाएं।

विकास के लिए कुर्ता-पायजामा दोनों जरूरी

डॉ. दिनेश शर्मा जी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई जी के वक्तव्य को याद करते हुए बताया कि वे अक्सर कहा करते थे कि विकास के लिए कुर्ता पायजामा दोनों जरूरी हैं। कुर्ता के मायने लोकसभा और विधानसभा और पायजामा यानी नगर निगम। इसलिए अब धर्म जाति से ऊपर उठकर भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत से विजयी बनाएं।

वोट के लिए वो अफजल को भी ' जी ' कहते थे

डॉ दिनेश शर्मा ने विपक्ष को घेरते हुए कहा की माफियाओं को पहले विपक्षी दल संरक्षण देते थे, अब जब कार्रवाई हो रही है तो माफियाओं से ज्यादा दलों को दर्द हो रहा है। माफियाओं का जो उन्मूलन योगी सरकार में हो रहा है वो अपने आप प्रदेश का इंफ्रास्ट्रूकचर बदलेगी और साढ़े तीन प्रतिशत ग्रोथ बढ़ाएगी। विपक्ष देश की बढ़ती हुई वृद्धि सहन नहीं कर पा रहा है। जिस पार्टी के लोगों ने अपने महासचिव को गैस सिलेंडर से जलाने का प्रयास किया वो आज जयकारे लगाएं तो क्या उन्हे लोग जाने देंगे। अपमान करने वाले वोट के लिए किसी को भी माला पहना देंगे, वो तो अफजल को भी जी कहते थे।

एक सीट को भी तरसेगी सपा

दिनेश शर्मा ने कहा सपा किसी भ्रम में न रहे, हमारे बहुसंख्यकों का अपमान करके अल्पसंख्यक का वोट ले लेंगे यह सोचना बेकार है। आगामी चुनाव में अल्पसंख्यकों के साथ का भ्रम भी टूट जायेगा। जिस तरह रामपुर और आजमगढ़ जैसे मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में भाजपा ने जीत का परचम लहराया है, उससे यह साफ है की इस बार सपा यूपी में लोकसभा की 80 सीटों में से एक के लिए भी तरसेगी। दिनेश शर्मा ने कोठी मीना बाजार रामकथा स्थल पर जाकर स्वामी रामभद्राचार्य का आशीर्वाद भी लिया।