
जी 20 देशों के मेहमानों का आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत हुआ
जी 20 देशों का डेलीकेशन शुक्रवार देर शाम आगरा पहुंचा। यहां भव्य शाही स्वागत देखकर मेहमान प्रफुल्लित हो गए। रविवार सुबह से जी 20 के मेहमानों की बैठक शुरू हो गई है। भारत की ओर से मुख्य रूप से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ,केंद्रीय राज्य मंत्री डा मंजूपारा महेंद्र भाई, फिक्की की अध्यक्ष संगीता रेड्डी और नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत जी 20 की महिला नेत्रियों और अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान महिला सशक्तीकरण और उत्थान पर विशेष जोर दिया जायेगा। अमिताभ कांत के स्वागत भाषण के बाद देश और विदेश के 40 वक्ता अपने वक्तव्य पेश करेंगे। खबर लिखे जाने तक केंद्रीय मंत्री समेत सभी अतिथि बैठक में पहुंच चुके थे और मेहमानों का स्वागत किया जा रहा था।
जी-20 देशों का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को ताजनगरी आगरा पहुंचा। शाम करीब 6.45 बजे खेरिया एयरपोर्ट पर जी-20 देशों के प्रतिनिधियों का भारतीय परम्परा के अनुसार माथे पर तिलक लगाकर और दुशाला ओढ़ाकर स्वागत किया गया। खेरिया एयरपोर्ट से होटल तक शाही अंदाज में विदेशी मेहमानों का दिव्य, अकल्पनीय और अभूतपूर्व स्वागत किया गया। पारम्परिक भारतीय संगीत, शहनाई, ढोल- नगाड़ों की धुन पर फूलों से सजी बग्घी में सवार होकर एयरपोर्ट के गेट तक पहुंचे। उसके बाद रास्ते में उनका पुष्प वर्षा की गई। वहीं उनके स्वागत की श्रृंखला में वीआईपी रूट के विभिन्न चौराहों पर लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी गई। वहीं स्कूली बच्चों ने 20 देशों के झंडे लहराकर विदेशी मेहमानों का स्वागत किया। योगी सरकार के द्वारा किए गए अभूतपूर्व स्वागत से विदेशी मेहमान भी गदगद दिखाई दिए।
125 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल आया भारत
ताजनगरी आगरा में जी 20 देशों के प्रतिनिधिमंडल का शाही स्वागत किया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शाम करीब 6:45 बजे 20 मित्र देशों के करीब 125 डेलीगेट्स एयरफोर्स के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर पुलिस कमिश्नर और मंडलायुक्त ने गर्मजोशी के साथ हाथ मिलाकर प्रतिनिधिमंडल की आगवानी की। एयरपोर्ट लाउंज में प्रतिनिधिमंडल के माथे पर तिलक लगाकर, कोट पर बैज लगाकर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत की शुरुआत हुई। इसके बाद जो स्वागत की श्रृंखला को देखकर जी-20 प्रतिनिधिमंडल भावुक हो गए। उन्होंने कहा भारतीय संस्कृति, परंपरा अद्भुत है, अकल्पनीय है।
शाही अंदाज में निकली सवारी, मेहमानों में दिखा सेल्फी का क्रेज
एयरपोर्ट लाउंज से बाहर आने के बाद प्रतिनिधिमंडल को फूलों से सजी बग्गी में शाही अंदाज में बैठाकर एयरपोर्ट से बाहर लाया गया। रास्ते में प्रतिनिधिमंडल पर जगह- जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। जी-20 देशों के प्रतिनिधिमंडल के स्वागत के लिए रास्ते भर लोक कलाकारों ने विभिन्न भारतीय विधाओं का प्रदर्शन कर विदेशी मेहमानों का दिल जीत लिया। विदेशी मेहमानों का जगह- जगह हर चौराहे पर स्वागत किया गया। खेरिया मोड़ चौराहे पर विदेशी मेहमानों का मारवाड़ी, राजस्थानी डांस कर कलाकारों ने स्वागत किया। वहीं फतेहाबाद रोड के दोनों तरफ हजारों लोगों ने हाथ हिलाकर बस में सवार प्रतिनिधियों का पूरे उत्साह के साथ अभिवादन किया। स्कूली बच्चे ने हाथ मे रंग- बिरंगे झंडे, गुब्बारे, तिरंगा लेकर विदेशी मेहमानों का स्वागत किया। स्वागत और सत्कार से अभिभूत मेहमान अपने मोबाइल में उन क्षणों को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए। भारतीयों से ज्यादा विदेशी मेहमानों में सेल्फी का क्रेज दिखा।
पूरे मार्ग पर दिखी सजावट
विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए जिला प्रशासन ने फतेहाबाद रोड को शानदार तरीके से सजाया है। पूरे रुट पर लाइटिंग की गई है। जगह जगह पेड़- पौधे लगाए गए है। सड़को की मरम्मत की गई है। दीवारों पर रंग- रोगन कराया गया है। बीएसएनएल चौराहे पर पुष्प प्रदर्शनी लगाई गई है। मेहमानों के स्वागत में घरों के छज्जों से लोगों ने पुष्प वर्षा की।
काटा गया 21 किलो का केक
जी-20 प्रतिनिधिमंडल का कारवां आई लव आगरा यानी सेल्फी प्वाइंट पर पहुंचा तो वहां प्रतिनिधिमंडल के आने की खुशी में शहरवासियों ने 21 किलो का केक काटकर स्वागत किया गया। देश के जाने-माने ग़ज़ल गायक सुधीर नारायण और उनके साथियों ने वसुधैव कुटुंबकम का गीत गाकर भारत के राग और ताल से प्रतिनिधिमंडल को जोड़ा। जी-20 देशों के प्रतिनिधिमंडल ने इसे सहभागिता, समन्वय,स्वागत की अभूतपूर्व मिसाल बताया।
सुरक्षा व्यवस्था है मुस्तैद
विदेशी मेहमानों की सुरक्षा को लेकर भी आगरा में विशेष इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। आगरा को मानो पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। एटीएस, पैरामिलिट्री फोर्स के साथ स्पेशल कमांडो की तैनाती की गई है। जमीन से लेकर आसमान तक विदेशी मेहमानों की सुरक्षा की जा रही है ।
आज और कल पूरा दिन चलेगा बैठकों का दौर
जी-20 सम्मेलन में 11 और 12 फरवरी को आगरा के होटल ताज कन्वेंशन में महिला सशक्तिकरण को लेकर दिनभर बैठकों का दौर चलेगा। दोनों ही दिनों के सत्र की शुरुआत योग से होगी। इसके बाद होने वाली बैठकों में महिलाओं की दशा और दिशा पर मंथन किया जाएगा। देश और विदेश के 40 वक्ता शामिल होंगे। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि महिला सशक्तिकरण की बैठकों में 250 अतिथि शामिल होंगे। अतिथियों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए दयालबाग विश्वविद्यालय, आगरा कॉलेज, सेंट जोन्स कॉलेज सहित 62 प्रोफेसरों को लाइजन अफसर के रूप में लगाया गया है।
आज होंगे यह कार्यक्रम
- सुबह 7:30 से 8.15 बजे : होटल ताज कन्वेंशन और होटल ताज व्यू में योग कक्षा चलेगी।
- सुबह 9 से 10 बजे : ब्रेक फास्ट के दौरान सफल महिला नेताओं की सफलता की कहानी चलेंगी
-10:15 से 10:30 बजे : स्वागत भाषण इंद्रेवर पांडेय सचिव महिला बाल विकास मंत्रालय
- 10:30 बजे से 10:45 बजे : जी 20 के शेरपा अमिताभ कांत का विशेष भाषण
- 10:45 से 11:10 बजे : केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी का भाषण
- 11:10 से 11:15 बजे : जी 20 की महिला सशक्तीकरण की चेयरमैन डा. संगीता रेड्डी का भाषण
-11:15 से 11:40 बजे : महिला सशक्तिकरण : डिजिटल स्किल्स पर चर्चा जिसमें यूनाइटेड नेशंस की महासचिव अनीता भाटिया व वैशाली सिन्हा सहित अन्य महिलाएं शामिल होंगी।
- दोपहर 12:40 बजे से 1:40 बजे: महिला सशक्तिकरण : रोल ऑफ डिजिटल स्किल्स एंड फ्यूचर स्किल्स पर चर्चा होगी।- दोपहर 1:00 बजे से 2:30 बजे तक भोजन
- तीसरे पहर 3 से 4 बजे : पैनल डिस्कशन नॉन ट्रेडिशनल वर्कफोर्स में महिलाओं का कार्य।
- शाम छह बजे : आगरा किला का विजिट और प्रोजेक्शन मैपिंग एंड कल्चरल प्रोग्राम
कल मेहमानों का यह रहेगा शेड्यूल
- सुबह 7:30 से 8:15 बजे : योग कक्षा - सुबह 9 से 10 बजे : होटल ताज कन्वेंशन में ब्रेक फास्ट
- सुबह 10:10 से 10:25 बजे : केंद्रीय महिला एवं बाल विकास और आयुष राज्य मंत्री डा. मुंजपारा महेंद्र का भाषण
- सुहब 10:30 से 11:30 बजे : कला संस्कृति और बेहतर विश्व विषय पर परिचर्चा
- दोपहर 12 से 1 बजे : दुनिया में महिला सशक्तिकरण की स्थिति पर चर्चा।
- शाम चार बजे : अतिथियों द्वारा ताजमहल का भ्रमण
Published on:
11 Feb 2023 10:32 am
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
