
Hanuman ji temple
आगरा।फतेहपुर सीकरी के गांव महुअर में हनुमान जी की अदालत लगती है। चौंकिए मत ये सच्चाई है। पुलिस थाने और अदालत में पहुंचने से पहले लोग इस मंदिर में पंचायत जरूर करने आते हैं, मान्यता है कि यहां जिस भी मामले में विवाद को लेकर चर्चा होती है, वो विवाद सुलझ जाता है। लोगों का मानना है कि हनुमान बाबा की कृपा से ये सब होता है। ये सिलसिला यहां काफी वर्षों से चला आ रहा है।
यहां है ये मंदिर
ये मंदिर किरावली ब्लॉक के महुअर गांव में है। गांव के ही रहने वाले गुड्डा शर्मा ने बताया कि पोखर वाले हनुमान जी के नाम से ये मंदिर प्रसिद्ध है। इस मंदिर की मान्यता दूर दूर तक है। मंदिर से सटी हुई करीब 11 बीघा जमीन भी है। इस मंदिर के सामने बड़ी पोखर है। इस पोखर से श्राद्ध के दौरान परलोक सिधार चुके पूर्वजों को जल अर्पित भी किया जाता है। इसके अलावा मंदिर में आने वाले लोगों की हर मनोकामना को भगवान हनुमान पूरा करते हैं। मंदिर में बैठने मात्र से मन को बेहद शांति मिलती है।
यहां होते हैं बड़े बड़े फैसले
ग्रामीण तुक्की शर्मा ने बताया कि ये मंदिर 150 वर्ष से भी अधिक पुराना है। यहां पर कुछ वर्ष तक गोपाल दास नाम के महंत हुआ करते थे। उनका देहांत हो गया, उसके बाद यहां महंत केशवदास मंदिर की व्यवस्थाओं को संभाल रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मंदिर पर कई बड़ी पंचायत हुई हैं, और उनके फैसले भी सकारात्मक हुए हैं। कोई बड़ी जमीन का विवाद हो या फिर, दहेज उत्पीड़न का मामला। विवाद कैसा भी हो यदि इस मंदिर में पंचायत बैठ जाए, तो विवाद खत्म ही होकर रहता है। गांव के पूर्व प्रधान नोहवत सिंह कुशवाह ने बताया कि इस मंदिर में गांव के ही नहीं, आस पास के कई गांव के लोग पंचायत करने आते हैं। इसे चमत्कार ही कहा जा सकता है, कि मंदिर में होने वाली पंचायत का परिणाम सकारात्मक निकलता है।
Published on:
11 May 2018 10:27 am
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
