खोआ और मेवा ने कसैला कर दिया गुजिया का स्वाद
गुजिया मैदा का मिश्रण तैयार कर खोआ भरकर बनाई जाती है। हर घर में ये मिठाई बनाई जा रही है। लेकिन गुजिया बनाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री के महंगे होने से इसका स्वाद कसैला हो गया है। दुकानदार राहुल अग्रवाल ने बताया कि बाजार में मेवा का भाव होली का त्योहार होने के चलते आसमान छू रहा है। गुजिया में इस्तेमाल होने वाली सामग्री में चीनी या बूरा, किसमिश, खोआ, गिरी, चिरौंजी, इलायची आदि का इस्तेमाल किया जाता है। इस बार गिरी का भाव यकायक बढ़ गया। वहीं चिरौंजी के दाम भी आसमान छू रहे हैं। बाजार में छोटी इलायची के रेट भी बढ़े हैं। बढ़ी कीमतों का असर इस व्यंजन पर पड़ रहा है। लोेग बहुत कम सामान के साथ इस मिठाई को बना रहे हैं।