
आगरा में तेंदुए ने फैलाई दहशत, 6 गांवों में रेड अलर्ट जारी
Leopard in Agra: इन दिनों शहर के बाह, जगनेर और पिनाहट में तेंदुए ने अपनी दहशत फैला रखी है। किसान रात और दिन पहरेदारी कर रहे हैं। आलम यह है कि किसानों की रात तेंदुए के हमले से मवेशियों को बचाने में गुजरती है। वन विभाग के कर्मचारी तेंदुए का रुट ट्रैक करने में लगे हुए हैं। जीपीएस से तेंदुए का रूट ट्रैक किया जा रहा है। वन विभाग के कर्मचारी भी लोगों को जागरूक करने के साथ दिन-रात क्षेत्र में गश्त कर रहे हैं।
आगरा में चंबल नदी के बीहड़ किनारे बसे गांव में एक माह से तेंदुए का आतंक फैला हुआ है। रविवार को तेंदुए ने मवेशियों पर हमला किया था। जबकि सोमवार की शाम को भी तेंदुए ने फिर मवेशियों पर हमला बोलकर लोगों में दहशत फैला दी। ग्रामीणों के अनुसार गांव मंगली में प्राचीन बजरंगबली आश्रम के पास तेंदुए ने गाय को अपना शिकार बनाया। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अब तक दर्जन भर पशुओं को शिकार बना चुका है। ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग के अधिकारी ड्रोन से तेंदुए की खोजबीन में जुटे हैं। अधिकारियों ने महंगोली, करकोली, पडुआपुरा, रेहा, मनसुखपुरा, मोदीपुर के ग्रामीणों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता है वन विभाग के कर्मचारियों ने गांव वालों से अपील की है कि वह अपने मवेशियों और बच्चों को अकेला ना छोड़े। रात के समय में अपने मवेशियों का ध्यान रखें। साथ ही ग्रामीणों को रात में बाहर न निकलने की हिदायत दी है।
राष्ट्रीय चंबल सेंक्चुअरी प्रोजेक्ट की उप वन संरक्षक आरुषि मिश्रा ने बताया कि जिस क्षेत्र में तेंदुए की हलचल देखी गई है। वहां के 10 किलोमीटर तक की रेंज मे टीम गठित कर पेट्रोलिंग की जा रही है। तेंदुए को ट्रैक किया जा रहा है और उसके आने के रास्तों के बारे में पता लगाया जा रहा है।जल्द ही तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा।
Published on:
19 Sept 2023 04:50 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
