
Paliwal Park
आगरा। 72 एकड़ में फैले आगरा के मध्य स्थित पालीवाल पार्क में से गुजर रही सड़कों की नियमित सफाई दो विभागों के बीच लटकी है। उद्यान विभाग सड़कों की सफाई का कोई कार्य नहीं करता है और नगर निगम सड़कों को पार्क का हिस्सा बताकर सफाई की अपनी जिम्मेदारी से कतराता है। यह स्थिति आज से नहीं बल्कि कई वर्षों से बनी हुई है, जिसके चलते यहां सड़कें गंदगी से अटी पड़ी हैं।
उठाई गई आवाज
गुड माॅर्निंग आगरा संस्था के वरिष्ठ संरक्षक केसी जैन द्वारा जब आईजीआरएस में जन-शिकायत (नं0 7300740609) शासन से की, तो नगर निगम ने अपनी बात इस प्रकार रखी कि पालीवाल पार्क में कुछ सफाई कर्मचारी हैं, परन्तु ये कभी भी यहां सफाई नहीं करते हैं और तो और वजीरपुरा बस्ती की तरफ से लोगों ने उद्यान विभाग की ओर अपने मकानों की बाउण्ड्रीवाॅल बढ़ा ली है, एक व्यक्ति ने तो अभी बाउण्ड्री बढ़ाई है, जिसे मौके पर देखा जा सकता है। बस्ती के लोग अपने घरों से कूड़ा-करकट निकालकर छतों से उद्यान विभाग में डालते हैं। जिस पर भी उद्यान विभाग कोई कार्रवाई नहीं करता। पूर्व में गंदगी में हमारे द्वारा ही इन लोगों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है। हमारा कोई नियमित स्टाफ पालीवाल पार्क में नहीं है परन्तु फिर भी हर तीसरे दिन हमारे द्वारा कर्मचारी लगाकर सफाई कराई जाती है। उद्यान विभाग न तो अतिक्रमण करने वालों पर कोई कार्रवाई करता है और ना ही छतों से गंदगी फेंकने वालों पर और ना ही कभी पालीवाल पार्क में सफाई कार्य कराता है। सफाई कार्य करा दिया गया है, हर तीन दिन बाद पालीवाल पार्क में सफाई करा दी जाती है।
ये आया उद्यान विभाग का जबाव
जब शिकायत (आईजीआरएस सं0 40014617004923) गुड माॅर्निंग आगरा द्वारा शासन के उद्यान विभाग को की तो उद्यान विभाग द्वारा जबाव आया कि पार्क की आंतरिक सफाई हेतु दो अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति तो कर दी गई किन्तु पार्क के बाहरी भाग की साफ-सफाई का कार्य नगर निगम का है और बाहरी भाग एवं सड़कों की निरन्तर साफ-सफाई के लिए नगर आयुक्त को पत्र लिखा गया है। अधीक्षक, राजकीय उद्यान द्वारा उपलब्ध कराई गई सूचना में भी यह स्पष्ट उल्लेख है कि सड़कों की सफाई का कार्य उद्यान विभाग द्वारा नहीं किया जाता है और उद्यान विभाग में एक भी सफाई कर्मचारी का पद नहीं है। सड़कों की सफाई का कार्य नगर निगम द्वारा किया जाता है।
बैठक में उछला मामला
भारत स्वच्छता मिशन के अंतर्गत स्वच्छता एक्शन प्लान को लेकर आयुक्त आगरा मण्डल आगरा ने जब दिनांक 1 अगस्त को बैठक की, तो इस विषय को उठाया गया, जिसको लेकर कार्यवृत्त के अनुसार निर्णय इस प्रकार हुआ कि शहर के मध्य में स्थित पालीवाल पार्क में आठ से दस हजार लोग प्रतिदिन भ्रमण करते हैं। इस पार्क के चारों ओर की सड़कें स्वच्छ नहीं रहती हैं। कूड़ा-करकट पड़ा रहता है तथा पार्क के अंदर भी पौधों की प्रूनिंग एवं साफ-सफाई करने की आवश्यकता है। सड़कों की साफ-सफाई हेतु नगर निगम तथा पार्क के अंदर की व्यवस्था हेतु उद्यान विभाग को निर्देश प्रदान किये जाते हैं।
अधिकारियों के आदेशों का भी नहीं असर
मण्डलायुक्त के निर्देश के उपरान्त भी पार्क में गुजर रही सड़कों की सफाई का हाल पहले जैसा ही है। कई-कई दिनों तक सफाई नहीं की जाती है। जब प्रातः भ्रमण करने के लिए हजारों वृद्ध, युवा, बालक व बालिकायें पार्क पहुंचते हैं तो उनका सामना वहां फैले दौने-पत्ते और प्लास्टिक की थैलियां आदि गंदगी से होता है। गुड माॅर्निंग आगरा संस्था के संरक्षक द्वय केसी जैन एवं सुशील गुप्ता, रविशंकर, किशोर जैन, अजय बंसल, राजेश खण्डेलवाल, अतुल गुप्ता, डाॅ. अनिल अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, विजय कुमार सेठिया आदि द्वारा नगर निगम द्वारा पार्क की सड़कों की नियमित सफाई की व्यवस्था की मांग की और कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं होता है तो उन्हें न्यायालय की शरण में जाना होगा।
Published on:
04 Sept 2017 03:37 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
