
आज से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं। नवरात्र के दिनों में शक्ति स्वरूप माता के नौ रूपों का पूजन किया जाता है। अलग अलग दिन उनके अलग अलग रूपों की पूजा होती है। ज्योतिषाचार्य डॉ. अरविंद मिश्र का कहना है कि यदि हर दिन माता की पसंद के मुताबिक भोग लगाया जाए तो वे प्रसन्न होती हैं और भक्तों पर कृपा बरसाती हैं। माता की कृपा से मनचाही मुराद पूरी होती है और जीवन में किसी चीज की कमी नहीं रहती। आगरा के जाने माने ज्योतिषाचार्य डॉ. अरविंद मिश्र से जानते हैं कि माता के किस स्वरूप को कौन सा भोग पसंद है।
मां शैलपुत्री
पहला दिन मां शैलपुत्री का है। मां का वाहन वृषभ है इसलिए उन्हें सफेद घी पसंद है। उन्हें इस दिन घी या घी से बनी चीजें अर्पित करने से रोग दूर होते हैं। गाय का घी अति शुभ है।
मां ब्रह्मचारिणी
दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी को प्रसन्न करने के लिए मिश्री, शक्कर या शक्कर से बनी चीजों का भोग लगाएं। माता प्रसन्न होकर लंबी आयु प्रदान करती हैं।
मां चंद्रघंटा
तीसरे दिन मां चंद्रघंटा को दूध चढ़ाएं या दूध से बने पकवानों का भोग लगाएं। मां चंद्रघंटा दुखों को दूर करती हैं।
मां कूष्मांडा
चौथे दिन मां कूष्मांडा का पूजन होता है। उन्हें प्रसन्न करने के लिए मालपूआ का भोग लगाएं। ये मां कूष्मांडा पसंदीदा भोग है। इससे बौद्धिक विकास होता है और निर्णय क्षमता बढ़ती है।
मां स्कंदमाता
पांचवे दिन मां स्कंदमाता का विधि विधान से पूजन कर केले का भोग लगाएं। प्रसाद लगाने के बाद इसे किसी ब्राह्रमण को दान कर दें। इससे बुद्धि तेज होती है।
मां कात्यानी
छठे दिन मां कात्यायनी को शहद अति प्रिय है। उन्हें शहद का भोग लगाएं या प्रसाद में शहद का प्रयोग करें। मां कात्यायनी सुंदर रूप प्रदान करती हैं।
मां कालरात्रि
सातवें दिन मां कालरात्रि के लिए गुड़ का भोग लगाएं या गुड़ से बनी कोई चीज चढ़ाएं। उन्हें गुड़ अतिप्रिय है। इस दिन गुड़ ब्राह्रमण को दान करें, इससे घर के दुख दूर होते हैं। दरिद्रता खत्म होती है।
मां महागौरी
आठवां दिन महागौरी का है। मां के इस रूप को हलवे का भोग लगाना चाहिए। साथ ही नारियल का भोग लगाएं। बाद में नारियल को सिर से घुमाकर बहते पानी में प्रवाहित कर दें। इससे मनोकामना पूर्ण होती है।
मां सिद्धिदात्री
नवरात्र के आखिरी दिन माता के सिद्धिदात्री स्वरूप की पूजा होती है। इस दिन खीर पूड़ी, हलवा पूड़ी, काला चना, खीर और पूए आदि का भोग लगाएं। बाद में इस प्रसाद को गरीबों को बांटें। इससे जीवन में सुख शांति मिलती है। परिवार में धन की कमी नहीं रहती।
Published on:
29 Sept 2019 05:00 am
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
