
योगी सरकार की तर्ज पर आगरा निगम में साढ़े चार वर्ष में 80 से अधिक सड़क और स्थानों के नाम बदल चुके हैं। वहीं आज यानी बुधवार को ऐतिहासिक धरोहर ताजमहल का नाम परिवर्तित कर तेजो महालय करने का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। बताया जा रहा है कि ताजगंज के भाजपा पार्षद शोभाराम राठौर दोपहर करीब तीन बजे नगर निगम सदन के अधिवेशन में इस प्रस्ताव को पेश करने जा रहे हैं। इस संबंध में पार्षद शोभाराम राठौर ने बताया कि उन्होंने प्रस्ताव संख्या 4(7) में इस संबंध में कई तथ्य एकत्रित किए हैं। उन्हीं तथ्यों के आधार पर ताजमहल का नाम बदलकर तेजो महालय करने का प्रस्ताव नगर निगम के सदन में पेश किया जाएगा।
भाजपा पार्षद ने बताया कि अभी तक घटिया आजम खां, मुगल रोड समेत तमाम सड़कों और चौराहों के नाम बदले गए हैं। अब ताजमहल का नाम बदलकर तेजो महालय रखने का वक्त आ गया है। इसके लिए वह खुद एकत्र किए गए ऐतिहासिक तथ्यों को सदन में पेश करेंगे और ताजमहल का नाम बदलने के लिए सदन से समर्थन प्राप्त करेंगे। ज्ञात हो कि इससे पहले भी हिंदूवादी संगठन ताजमहल का नाम बदलकर तेजो महालय करने का मुद्दा उठाते आ रहे हैं और इसको लेकर कई बार विवाद भी खड़े हुए हैं।
तेजो महालय बताकर किया था जलाभिषेक
बता दें कि एक अगस्त को ही ताजमहल को भगवान शिव का मंदिर बताते हुए अखिल भारत हिंदू महासभा ने ताज हेरिटेज कॉरिडोर पर सांकेतिक जलाभिषेक भी किया था। महासभा ने इसकी घोषणा पहले ही कर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने महासभा के पदाधिकारियों को नजरबंद कर दिया था, लेकिन उसके बावजूद महासभा के पदाधिकारियों ने जलाभिषेक किया था। अखिल भारत हिंदू महासभा भी ताजमहल को तेजो महालय बताकर नाम बदलने का समर्थन किया था।
ताजनगरी में अब तक ये प्रमुख नाम बदले
- मुगल रोड का नाम बदलकर महाराजा अग्रसेन मार्ग किया गया।
- घटिया आजम खां का नाम बदलकर अशोक सिंघल मार्ग किया गया।
- लोहामंडी के नौबस्ता चौराहे का नाम बदलकर गुरु नानक देव चौक रखा गया।
- मंटोला कंगालपाड़ा का नाम बदलकर वीरांगना झलकारी बाई रखा गया।
- धूलियागंज चौराहे का नाम बदलकर विनायक वीर सावरकर रखा गया।
Published on:
31 Aug 2022 10:02 am
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
