
सांकेतिक फोटो सोर्स AI
आगरा जिले के इरादतनगर इलाके में कारपेंटर राहुल की हत्या का मामला सामने आने के बाद हर कोई सन्न रह गया। जिन दोस्तों पर भरोसा था। वही उसकी मौत की वजह बने। महज 34 हजार रुपये के लेन-देन ने दोस्ती को दुश्मनी में बदल दिया। शादी में चलने का झांसा देकर राहुल की जान ले ली गई।
आगरा जिले के इरादतनगर थाना क्षेत्र में तीन फरवरी को हुई इस दिल दहला देने वाली घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। राहुल, जो पेशे से कारपेंटर था। और एकता थाना क्षेत्र के गांव गंगरौआ का रहने वाला था। चार फरवरी की सुबह ग्वालियर हाईवे पर खारी नदी पुल के नीचे मृत अवस्था में मिला था। शुरुआत में परिवार को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर राहुल के साथ ऐसा क्या हुआ।
राहुल के भाई सचिन ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले राहुल को उसका दोस्त दीपक उर्फ दीपू शादी में चलने की बात कहकर घर से अपने साथ ले गया था। इसके बाद राहुल वापस नहीं लौटा। जब उसका शव मिला तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल के 34 हजार रुपये उसके दोस्त रविंद्र पर बाकी थे। राहुल कई बार उससे पैसे लौटाने की मांग कर चुका था। यही तगादा धीरे-धीरे विवाद में बदल गया। आरोप है कि रविंद्र ने दीपक और सनी के साथ मिलकर राहुल को रास्ते से हटाने की साजिश रच ली। शादी में जाने का बहाना बनाकर तीनों राहुल को साथ ले गए। रास्ते में मौका देखकर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और पहचान छुपाने के लिए शव को खारी नदी पुल के नीचे फेंक दिया। घटना के बाद से तीनों आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस ने आरोपी दीपक को मुबारकपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। आज उसे जेल भेज दिया गया। एसीपी शमसाबाद अमीषा ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों रविंद्र और सनी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Updated on:
09 Feb 2026 03:22 pm
Published on:
09 Feb 2026 02:47 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
