
Vande Bharat Express: आगरा-उदयपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू, 7 जगह होगा स्टॉपेज, जानें डिटेल
Vande Bharat Express: उत्तर प्रदेश की ताजनगरी के लिए दो सितंबर की तारीख वंदे भारत ट्रेन (Vande Bharat Express) की तीसरी सौगात लेकर आई। पर्यटन के लिहाज से देश के दो बड़े जिलों को जोड़ने के लिए रेलवे ने दो सितंबर को आगरा-उदयपुर वंदे भारत ट्रेन (Vande Bharat Express) को हरी झंटी दिखा दी। यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी। जो आगरा कैंट से पकड़ी जा सकेगी। आगरा कैंट से उदयपुर के बीच 610 किलोमीटर के सफर को यह ट्रेन 8 घंटा 45 मिनट में तय करेगी। इस दौरान सात अन्य स्टेशनों पर भी इसका स्टॉपेज होगा। यानी दो राज्यों को जोड़ने वाली इस ट्रेन से सात अन्य जिलों को भी फायदा मिलेगा।
आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि गाड़ी संख्या 20981/20982 उदयपुर सिटी-आगरा कैंट-उदयपुर सिटी साप्ताहिक वंदेभारत ट्रेन ने सोमवार से अपना सफर शुरू कर दिया। इसके साथ ही आगरा के पास अब तीन वंदे भारत ट्रेनें हो गई हैं। उन्होंने बताया कि आगरा से दो वंदेभारत ट्रेनें पहले से ही गुजरती हैं। इसमें पहली वंदेभारत रानी कमलापति स्टेशन-हजरत निजामुद्दीन के बीच और दूसरी खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन के बीच पहले से ही चल रही है।
अब तीसरी वंदे भारत आगरा कैंट-उदयपुर-आगरा कैंट मिलने से ताजनगरी के पास तीन वंदे भारत ट्रेनें हो गई हैं। प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि उदयपुर और आगरा को जोड़ने वाली वंदेभारत ट्रेन सप्ताह में तीन दिन चलेगी। इसके साथ ही आगरा वंदे भारत ट्रेन के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश में पहले स्थान पर वाराणसी है। यहां से पांच वंदे भारत ट्रेनें दौड़ती हैं।
आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेन उदयपुर से सोमवार, गुरुवार, शनिवार सुबह चलकर दोपहर में आगरा कैंट पहुंचेगी। उसी दिन दोपहर में आगरा कैंट से चलकर रात को उदयपुर सिटी पहुंचेगी। ट्रेन उदयपुर सिटी स्टेशन से सुबह 5.45 बजे रवाना होगी। इसके बाद दोपहर 2.30 बजे आगरा कैंट स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन आगरा कैंट स्टेशन से दोपहर 3 बजे रवाना होगी। जो रात 11.45 बजे उदयपुर सिटी स्टेशन पहुंचेगी। ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान राणा प्रताप नगर स्टेशन, मावली जंक्शन, चंदेरिया स्टेशन, कोटा जंक्शन, सवाईं माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना जंक्शन स्टेशन पर ठहराव के बाद आगरा कैंट स्टेशन पर रुकेगी।
प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि आगरा कैंट-उदयपुर के बीच सोमवार से शुरू होने वाली वंदेभारत ट्रेन आठ कोच की है। इसमें भी एक कोच एक्जीक्यूटिव क्लास का है। इस ट्रेन में सभी प्रकार की सुविधाएं मौजूद हैं। आगरा कैंट-उदयपुर वंदेभारत ट्रेन शुरू होने से सबसे ज्यादा फायदा देश-विदेश के पर्यटकों को मिलेगा। इसके अलावा कोटा जाने वाले यात्री भी इसका लाभ ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि अभी आगरा से उदयपुर के लिए केवल एक ट्रेन खजुराहो-उदयपुर ही उपलब्ध है। इसके साथ ही आगरा से लोगों को कोटा जाने जाने के लिए भी एक अतिरिक्त ट्रेन मिल गई है।
आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार से आगरा को तीसरी वंदेभारत मिल गई है। इसके साथ ही आगरा रेल मंडल देश के उन चुनिंदा रेल मंडलों में शामिल हो जाएगा। जहां से रेलवे की सभी प्रीमियम ट्रेन गुजरती हैं। अगर बात करें तो आगरा कैंट से रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदेभारत, खजुराहो-हजरत निजामुद्दीन वंदेभारत, उदयपुर सिटी-आगरा कैंट वंदेभारत, गतिमान एक्सप्रेस, भोपाल शताब्दी गुजरती हैं। मथुरा जंक्शन से दो वंदेभारत, भोपाल शताब्दी, गतिमान एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन-मुंबई सेंट्रल तेजस और टूंडला स्टेशन से दिल्ली-लखनऊ तेजस, दिल्ली-वाराणसी वंदेभारत एक्सप्रेस, दिल्ली-लखनऊ शताब्दी संचालित होती हैं।
संबंधित विषय:
Updated on:
03 Sept 2024 01:19 pm
Published on:
02 Sept 2024 07:52 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
