आगरा। 11 अप्रैल के बाद दो मई को आए भयंकर तूफान से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्रवित हो गए। उन्होंने खेरागढ़ और फतेहाबाद तहसील में राजस्व और विद्युत बकाया वसूली तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी है। भाजपा के जिला महामंत्री प्रशांत पौनिया का कहना है कि खेरागढ़ में हेलीपैड पर उन्होंने इस बारे में मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया था। इसी का संज्ञान लेकर वसूली स्थगित की गई है।
राजस्व और विद्युत वसूली स्थगित
खेरागढ़ तहसील के गांव बुरैरा पीड़ितों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी कच्चे मकानों को पक्का बनाया जाएगा। जिनका सबकुछ बर्बाद हो गया है, उन्हें राशन भी दिया जाएगा। इस बारे में मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए। बता दें कि तूफान से अब तक 50 लोगों की मौत हुई है। इनमें 24 लोग खेरागढ़ तहसील क्षेत्र के हैं।
हवाई सर्वेक्षण किया
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से तूफान में हुए नुकसान का सर्वेक्षण किया। निबोहरा के शाहवेद गांव में हेलीकॉप्ट उतरा। यहां मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को चेक बांटे। मृतकों के परिजनों को सहायता राशि वितरित की। उनके साथ फतेहपुर सीकरी के सांसद चौधरी बाबूलाल, फतेहाबाद के विधायक जितेन्द्र वर्मा और तमाम अधिकारी भी थे। खेरागढ़ और फतेहाबाद में मुख्यमंत्री के लिए मंच बनाया गया था। तम्बू भी लगाया गया था।