
Yogi government
आगरा। सबका साथ सबका विकास का नारा देने वाली भाजपा सरकार में भेदभाव के आरोप लग रहे हैं। ये भेदभाव भी उनके साथ, जो अभी शिक्षा की प्रथम सीढ़ी पर चढ़ने जा रहे हैं। ये मामला है ब्लॉक बरौली के प्राथमिक विद्यालय का, जहां स्कूल में पढ़ने वाले यादवों के बच्चों को स्कूल ड्रेस न देने का आरोप लगाया गया है। इसके चलते बच्चों के माता पिता ने स्कूल में हंगामा किया।
ये है मामला
ब्लॉक बरौली के प्राथमिक विद्यालय में सरकार की ओर से बच्चों को मिलने वाली स्कूल ड्रैस के वितरण में गड़बड़ी का आरोप स्कूल की प्रधानाध्यापिका पर लगाया गया है। बुधवार को स्कूल पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया। वहीं स्कूल की प्रधानाध्यापिका परिजनों को समझाते हुये नजर आईं, कि ऐसा कुछ भी नहीं है, जिस प्रकार से स्कूल ड्रेस आ रही है, उसी प्रकार बच्चों को वितरण किया जा रहा है। परिजनों का आरोप है, कि स्कूल में पढ़ने वाले यादवों के बच्चों को ही स्कूल ड्रेस नहीं दी गई है, जबकि अन्य बच्चों को स्कूल ड्रेस दे दी गई है।
ये बोले ग्राम प्रधान
वहीं बरौली के ग्राम प्रधान योगेन्द्र यादव ने बताया कि स्कूल की प्रधानाध्यापिका से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि 118 ड्रेस आईं हैं, जिनका वितरण किया गया है। प्रधान ने बताया कि पता ये लगा है कि यादवों के बच्चों को स्कूल ड्रेस नहीं दी गई हैं, ये गलत है। स्कूल की प्रधानाध्यापिका से जब पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि कम ड्रेस आईं हैं, और ड्रेस मंगवाने के लिए अधिकारियों को लिख दिया गया है।
सीडीओ ने कहा जानकारी करेंगे
वहीं सीडीओ रवीन्द्र कुमार मादंड ने इस बारे में कहा कि इस मामले में बीएसए और एबीएसए से जानकारी करेंगे। कोई समस्या है, तो उसका निस्तारण किया जायेगा।
Published on:
19 Sep 2018, 5:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.