18 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गोधरा रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट खराब होने से फंसे 6 यात्री

गोधरा. वडोदरा. पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के तहत गोधरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर स्थित लिफ्ट में शुक्रवार शाम को सवार 6 यात्री फंस गए। फायर ब्रिगेड ने दरवाजा तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित निकाला। इस मामले में वडोदरा के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय ने जांच के आदेश दिए हैं।
2 min read
Google source verification
6 Passengers Trapped in Malfunctioning Lift at Godhra Railway Station

गोधरा रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट में फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकालते फायर ब्रिगेड के जवान।

30 मिनट की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने दरवाजा तोड़कर सुरक्षित निकाला, डीआरएम कार्यालय ने दिए जांच के आदेश

गोधरा. वडोदरा. पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के तहत गोधरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर स्थित लिफ्ट में शुक्रवार शाम को सवार 6 यात्री फंस गए। फायर ब्रिगेड ने दरवाजा तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित निकाला। इस मामले में वडोदरा के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय ने जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, गोधरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 की एक लिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण अचानक बंद होकर रुकने से उसमें फंसे यात्रियों में घबराहट और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही गोधरा फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। करीब 30 मिनट से अधिक समय की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने लिफ्ट का दरवाजा तोड़ा और अंदर फंसे सभी 6 यात्रियों को सुरक्षित और सकुशल बाहर निकाला। इसके साथ ही यात्रियों और रेलवे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
इस घटना को देखते हुए वडोदरा डीआरएम कार्यालय के तकनीकी विभाग के उच्च अधिकारियों की एक विशेष टीम तुरंत गोधरा रेलवे स्टेशन पहुंची और लिफ्ट के रुकने के तकनीकी कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू की है।

दोषी के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

दूसरी ओर, इस घटना के संबंध में वडोदरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना ने बताया कि इस घटना में यात्रियों ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल किया जिसके बाद फायर ब्रिगेड द्वारा रेस्क्यू किया गया। पिछले 6 महीनों से चालू इस लिफ्ट के रुकने के कारणों की गहन जांच के लिए जांच समिति गठित कर दी गई है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गोधरा स्टेशन पर यात्रियों की आधुनिक सुविधाओं के लिए लगी लिफ्ट उन्नत सुरक्षा मानकों से लैस है। यदि यात्री एक साथ कई बटन दबा देते हैं या लिफ्ट की गति निर्धारित सीमा से थोड़ी भी बढ़ती है, तो सुरक्षा के लिहाज से लिफ्ट का ऑटोमैटिक फीचर सक्रिय हो जाता है और लिफ्ट तुरंत रुक जाती है। आपातकालीन स्थिति में लिफ्ट के भीतर सुपरवाइजर, जूनियर इंजीनियर और कंट्रोल रूम के नंबर भी दिए गए हैं।