12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चिकित्सक ने 90 वर्ष के दादा-दादी व 70 वर्षीय पिता को लगवाई कोरोना की वैक्सीन

-एक ही परिवार की तीन पीढिय़ों ने टीका लगवाकर दिया खास संदेश -राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर विशेष    

2 min read
Google source verification
चिकित्सक ने 90 वर्ष के दादा-दादी व 70 वर्षीय पिता को लगवाई कोरोना की वैक्सीन

चिकित्सक ने 90 वर्ष के दादा-दादी व 70 वर्षीय पिता को लगवाई कोरोना की वैक्सीन

अहमदाबाद. कोरोना की वैक्सीन संपूर्ण रूप से सुरक्षित होने का खास संदेश अहमदाबाद शहर के सिविल अस्पताल में सेवारत एक महिला चिकित्सक ने दिया है। कोरोना वॉरियर्स के रूप में पहले ही कोरोना की वैक्सीन ले चुकी चिकित्सक ने अब अपने बुजुर्ग दादा-दादी और पिता को भी वैक्सीन दिलाई है। एक ही घर में तीन पीढिय़ों ने वैक्सीन लेकर यह संदेश दिया है कि वैक्सीन संपूर्ण रूप से सुरक्षित है।
सिविल अस्पताल में बाल सर्जरी विभाग की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जयश्री रामजी ने कोरोना वॉरियर्स के रूप में पहले ही वैक्सीन ले ली थी। अब बुजुर्गों (साठ वर्ष से अधिक आयु वालों) को वैक्सीन दी जा रही है। ऐसे में डॉ. जयश्री रामजी ने अपने 91 वर्षीय दादा सहस्ररानामन, 90 वर्षीय दादी बालमबाल के साथ-साथ 70 वर्षीय पिता एस.रामजी को भी यह टीका लगवाया है। डॉ. जयश्री ने बताया कि राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के दिन घर में तीन पीढियों को कोरोना महामारी के बचाव का टीका लगवाया जिसका उन्हें संतोष है। तीन पीढियों ने यह टीका ले लिया है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण का किसी को भी दुष्प्रभाव नहीं हुआ है जिससे तीनों को ही घर भेज दिया गया है। उन्होंने इस स्वदेशी वैक्सीन को संपूर्ण रूप से सुरक्षित बताया है। देश में राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस 16 मार्च को मनाया जाता है।

सिविल अस्पताल में 10 हजार से अधिक ने ली वैक्सीन
सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जे.वी. मोदी ने बताया कि अहमदाबाद सिविल अस्पताल के टीकाकरण केन्द्र में अब तक 10405 लोगों ने कोरोना वैक्सीन का प्रथम डोज और 5358 ने दूसरा डोज लिया है। इनमें 984 बुजुर्ग हैं तथा 538 ऐसे लोग हैं जिनकी आयु 45 वर्ष से अधिक है और वे गंभीर बीमारियों से पीडि़त हैं। इसके अलावा कोरोना वारियर्स भी शामिल हैं।

कोरोना का टीका लेने का अनुरोध
अस्पताल के अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने सभी से कोरोना की वैक्सीन लेने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि स्वदेशी यह वैक्सीन संपूर्ण सुरक्षित है और इससे कोरोना के संक्रमण को दूर करने में मदद मिलेगी। उन्होंने टीकाकरण दिवस के उपलक्ष्य में कहा कि टीका लेकर कोरोना को हराया जा सकता है।