
दुर्घटना में क्षतिग्रस्त बस।
वडोदरा. गोधरा. राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही एक निजी बस बुधवार तड़के वडोदरा के पास हालोल-वडोदरा हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बस में सवार 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा ट्रक में घुस गया। घायलों को वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों में पिंकी भाटिया (38), महेंद्र कुमार पंड्या (68), विनोद डामोर (30), मुकेश डिंडोर (36), प्रीत नाई (9),प्रकाश परमार (35) व राजेंद्र कटारा (35), सुरेश डिंडोर (21) शामिल हैं। ये सभी मृतक राजस्थान के डूंगरपुर जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 4 बजे वडोदरा के निकट कोटंबी स्टेडियम के पास घटी। राजस्थान के बांसवाड़ा से सूरत जा रही निजी बस हालोल से वडोदरा की ओर आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान जरोद के पास खड़े ट्रक के पीछे बस घुस गई। हादसे के समय बस में सवार सभी यात्री गहरी नींद में थे।
भीषण हादसे के बाद आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। दुर्घटना के बाद रेस्क्यू कार्य के लिए एनडीआरएफ की मदद ली गई। हादसे में बस का पूरा केबिन खड़े ट्रक के अंदर घुस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस कारण घायल यात्रियों को बाहर निकालने में काफी परेशानी आ रही थी।
घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर एनडीआरएफ की छठी बटालियन का मुख्यालय होने के कारण जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाल लिया। वडोदरा के पास जीएसएफसी, पाणीगेट फायर ब्रिगेड तथा इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर की टीमें भी मौके पर पहुंची। कटर मशीन और अलग-अलग साधनों की मदद से बस का पतरा काटकर मौके पर मृत 6 लोगों के शव और घायलों को बाहर निकाला गया। मृतकों के शव और घायल हुए 29 यात्रियों को वडोदरा के सयाजी अस्पताल पहुंचाया गया।
एनडीआरएफ की छठी बटालियन के कमांडेंट सुरेंद्र सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम में सुबह 4.40 बजे सूचना मिलने के तुरंत बाद टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचकर जवानों ने राहत अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान 24 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि मृतकों के शव अस्पताल पहुंचाए गए।
वडोदरा के उपमहापौर आदित्य पटेल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और चिकित्सा टीमों को मौके पर भेजा गया था। मामूली रूप से घायल यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर घायलों को एसएसजी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। अस्पताल में दवाइयों, रक्त और शल्य चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
हादसे में घायल बंसीलाल ने बताया कि वह काम के सिलसिले में राजस्थान से सूरत जा रहा था। दुर्घटना के समय वह सो रहा था। अचानक जोरदार टक्कर हुई, जो उसे बिजली के झटके जैसी महसूस हुई।
इस मामले में जरोद थाने में आरोपी ट्रक चालक नवनीत उर्फ नवलो वाघेला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। जूनागढ़ मूल के इस आरोपी को पुलिस ने पकड़ा।
दुर्घटना के कारण हालोल-वडोदरा हाईवे पर करीब पांच किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए वाहनों की आवाजाही सुचारु कराई।
Published on:
17 Jun 2026 10:44 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
