19 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बी. फार्म, डी. फार्म कोर्स की प्रोविजनल मेरिट जारी, 13461 विद्यार्थियों को मिली जगह

-छात्राओं की संख्या छात्रों से ज्यादा, 160 कॉलेजों में इन दोनों कोर्स की हैं कुल 12820 सीटें, 7558 सरकारी, प्रबंधन कोटे की 5262 सीटें

2 min read
Google source verification
ACPC

एसीपीसी।

Ahmedabad. बैचलर ऑफ फार्मेसी (बी.फार्म.) एवं डिप्लोमा इन फार्मेसी (डी.फार्म.) कोर्स के शैक्षणिक वर्ष 2026-27 की प्रोविजनल मेरिट लिस्ट शुक्रवार को जारी कर दी गई। व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रवेश समिति (एसीपीसी) की ओर से जारी इस प्रोविजनल मेरिट लिस्ट में 13461 विद्यार्थियों को जगह मिली है। इसमें पहला स्थान मिलन खंधार का जिसके 99.95 मेरिट मार्क्स हैं। 15 जून को पूरी हुई ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया में बी.फार्म. और डी.फार्म. दोनों कोर्स में प्रवेश के लिए 14418 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इसमें से गुजकैट और 12वीं साइंस के बोर्ड परिणाम के आधार पर 13461 विद्यार्थियों को प्रोविजनल मेरिट लिस्ट में जगह दी गई है। लिस्ट में छात्रों की तुलना में छात्राओं की संख्या अधिक है। छात्र की संख्या 5639 हैं, वहीं 7822 छात्राएं हैं।

लिस्ट में गुजरात बोर्ड के 12049, सीबीएसई के 1223, आइएससीई के 84 और एनआइओएस, आइबी व अन्य बोर्ड के 106 विद्यार्थी शामिल हैं। सबसे ज्यादा 4539 विद्यार्थी सामान्य श्रेणी के हैं। ईडब्ल्यूएस के 2686, अनुसूचित जाति (एससी) के 908, एसईबीसी (ओबीसी) के 4130 एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 1198 विद्यार्थी शामिल हैं। एसीपीसी के अनुसार प्रोविजनल मेरिट में शामिल विद्यार्थी प्रवेश के मॉक राउंड में भाग ले सकते हैं। इसके लिए 25 जून तक चॉइस भर सकते हैं। मॉक राउंड का परिणाम और फाइनल मेरिट लिस्ट 27 जून को जारी की जाएगी।

नीट आधारित सीटों के लिए बाद में जारी होगी मेरिट

एसीपीसी के मुताबिक घोषित की गई प्रोविजल मेरिट लिस्ट मौजूदा नियमों के तहत सरकारी, अनुदानित कॉलेजों की 95 फीसदी सीटों के लिए और निजी कॉलेजों की 50 फीसदी सीटों के लिए गुजकैट और 12वीं साइंस की बोर्ड परीक्षा परिणाम पर घोषित की है। सरकारी कॉलेजों की 5 फीसदी नीट आधारित सीटों पर प्रवेश के लिए नीट की मेरिट लिस्ट नीट का परिणाम आने के बाद घोषित की जाएगी। 21 जून को री-नीट होने वाली है।

बी. फार्म. में 10 हजार, डी.फार्म. में 2338 सीटें

एसीपीसी के अनुसार राज्य में बीफार्म के 122 कॉलेज में 10482 सीटें हैं। इसमें तीन सरकारी कॉलेज में 220, तीन अनुदानित कॉलेज में 160 सीटें हैं। 116 निजी कॉलेजों में 10102 सीटें हैं, जिसमें से 5665 सीटें एसीपीसी की ओर से भरी जाएंगी। अन्य 4437 सीटें प्रबंधन कोटे के तहत निजी कॉलेजों की ओर से नियमों के तहत भरी जाएंगी। डीफार्म में 38 कॉलेज में 2338 सीटे हैं। इसमें एक सरकारी कॉलेज में 60, सात अनुदानित कॉलेज में 490 सीटें हैं। 30 निजी कॉलेज में 1788 सीटें हैं। इसमें से 963 सीटों पर एसीपीसी की ओर से प्रवेश दिया जाएगा। एसीपीसी की ओर से 160 कॉेलेजों की 7558 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया की जाएगी।