
एसीपीडीसी।
Ahmedabad. राज्य के पॉलिटेक्निक, डिप्लोमा इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रथम वर्ष डिप्लोमा इंजीनियरिंग (डीई) कोर्स के शैक्षणिक वर्ष 2026-27 में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों में से सोमवार को प्रोविजनल मेरिट जारी कर दी। व्यावसायिक डिप्लोमा पाठ्यक्रम प्रवेश समिति (एसीपीडीसी) की ओर से सोमवार को जारी इस प्रोविजनल मेरिट में 40059 विद्यार्थियों को जगह मिली है। गणित, विज्ञान , अंग्रेजी विषय के 300 अंक में से 295 अंक के साथ राजकोट जिले का वेद फोडाडा पहले स्थान पर है।
एसीपीडीसी के तहत शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए राज्य में 150 डिप्लोमा इंजीनियरिंग कॉलेजों में 60155 सीटें हैं। इन पर प्रवेश के लिए 8 मई से 19 जून तक 10वीं कक्षा के उत्तीर्ण विद्यार्थियों से आवेदन पत्र मंगाए गए थे। इस दौरान 40766 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया। इनमें से सोमवार को 40059 विद्यार्थियों को प्रोविजनल मेरिट में जगह दी गई। अन्य 707 विद्यार्थियों को उनके दस्तावेजों, अंकतालिकाओं का ब्यौरा नहीं होने के चलते मेरिट में जगह नहीं दी गई है। हालांकि ऐसे विद्यार्थी 8 जुलाई दोपहर 12 बजे तक एसीपीडीसी की वेबसाइट पर अपलोड किए गए गूगल फॉर्म में ब्यौरा व दस्तावेज को अपलोड कर सकते हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों की एसईबीसी, एससी, एसटी, टीडब्ल्यूएफ श्रेणी, जाति, अंक में कोई विसंगतता हो तो उसके बारे में भी जानकारी इस फॉर्म के जरिए दे सकते हैं। इन विद्यार्थियों को 9 जुलाई को जारी होने वाली फाइनल मेरिट लिस्ट में ध्यानार्थ लिया जाएगा। बीते साल 2025 में 41227 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिसमें से 40479 विद्यार्थियों को प्रोविजनल मेरिट में जगह दी गई थी।
एसीपीडीसी के अनुसार राज्य में 31 सरकारी पॉलिटेक्निक-डिप्लोमा इंजीनियरिंग कॉलेज में डीई की 20698 सीटें हैं। पांच अनुदानित कॉलेज में 1515 सीटें हैं। जबकि 114 निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में 37942 सीटें हैं। इन पर एसीपीडीसी की ओर से प्रवेश दिया जाएगा। निजी कॉलेजों में मैनेजमेंट कोटे की 7982 सीटों पर कॉलेज की ओर से प्रवेश दिया जाएगा।
प्रोविजनल मेरिट जारी होने के साथ ही डीई में प्रवेश के मॉक राउंड की चॉइस फिलिंग शुरू हो गई है। विद्यार्थी दो जुलाई तक चॉइस फिलिंग कर सकते हैं। इसका परिणाम छह जुलाई को घोषित किया जाएगा। उसके बाद 9 जुलाई को फाइनल मेरिट जारी होगी। पहले चरण के प्रवेश के लिए फाइनल चॉइस फिलिंग छह से नौ जुलाई तक की जा सकेगी। पहले चरण के प्रवेश 13 जुलाई को जारी किए जाएंगे।
अहमदाबाद. 10वीं कक्षा के बाद दो साल का आइटीआइ व अन्य मान्य संस्थाओं से कोर्स करने वाले विद्यार्थियों के लिए डीई में आरक्षित सर्टिफिकेट टू डिप्लोमा (सीटूडी) कोर्स में दो चरण की प्रक्रिया के बाद भी छह हजार सरकारी सीटें खाली हैं। इन सीटों पर प्रवेश के लिए तीसरा चरण किया जा रहा है। इसके लिए छह जुलाई तक विद्यार्थी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। 10 जुलाई को मेरिट जारी होगी। 13 जुलाई तक चॉइस फिलिंग की जा सकेगी और 16 जुलाई को तीसरे चरण का प्रवेश आवंटित किया जाएगा। इसके तहत डीई के तीसरे सेमेस्टर में विद्यार्थी को प्रवेश मिलता है।
Published on:
29 Jun 2026 09:47 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
