No video available
अहमदाबाद. लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने कहा कि उनते नेता राहुल गांधी ने वर्ष 2027 में गुजरात में चुनाव जीतने का लक्ष्य रखा है। इस पर जो विचार रखा है, उसका पालन करना हमारी जिम्मेदारी है। हम उस पर आगे बढ़ेंगे। आने वाले चुनाव में गुजरात के लोगों का आशीर्वाद मिलेगा। जीत के लिए सिर्फ गुजरात के कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं बल्कि राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता पार्टी को मजबूत करेंगे।
अहमदाबाद के शाहीबाग में मंगलवार को सरदार पटेल राष्ट्रीय स्मारक परिसर में सीडब्ल्यूसी की बैठक के दौरान संवाददाताओं को संबोधित करते हुए गोगोई ने कहा कि संगठन में बदलाव की दिशा में भी पार्टी ने ऐतिहासिक कदम उठाया है। देशभर के पार्टी जिला अध्यक्षों को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सुनकर उनसे परामर्श भी किया।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कहा है कि वर्ष 2027 में गुजरात में चुनाव जीतना है। पार्टी के कार्यकर्ता इसमें जुटेंगे। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के नेता भी मदद करेंगे।
गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि हर राज्य की अपनी परिस्थिति, आर्थिक स्थिति है ऐसे में उन राज्य के नेताओं के साथ चर्चा होगी। उसके अनुसार निर्णय होगा।गुजरात में मतदाताओं को जोड़ने का काम करना होगा: पायलट
उधर कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने कहा कि गुजरात में कांग्रेस की जड़ें बहुत मजबूत और गहरी हैं। हमें यहां के मतदाताओं को जोड़ने का काम करना होगा। इस अधिवेशन से इन प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।