10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अहमदाबाद

Ahmedabad: फ्लैट से 11 लक्जरी घड़ी समेत 100 करोड़ से ज्यादा का सोना-जेवरात जब्त

107 किलो सोना- जेवरात मामले की जांच डीआरआई करेगी, अन्य दस्तावेज भी मिले, मंगलवार सुबह तक चला सोना, जेवरात व नकदी गिनने का काम

Google source verification

Ahmedabad शहर के पालडी इलाके में महालक्ष्मी चार रास्ते के पास आविष्कार फ्लैट में गुजरात एटीएस और डीआरआई की टीम की ओर से सोमवार को दी गई दबिश की प्रक्रिया मंगलवार तड़के तक जारी रही। फ्लैट से 88 किलोग्राम सोने के बिस्किट, 19.663 किलो ग्राम सोने व हीरा जडि़त आभूषण मिलाकर 107 किलो से ज्यादा सोना व सोने के जेवरात जब्त किए गए। 11 लक्जरी घडि़यां जब्त की गईं। एक घड़ी की कीमत ढाई से तीन करोड़ बताई जा रही है। ऐसे में फ्लैट से 100 करोड़ से ज्यादा का माल जब्त किया गया। 1.37 करोड़ रुपए की नकदी और कई अन्य अहम दस्तावेज बरामद किए गए।

Gujarat ATS के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सुनील जोशी ने मंगलवार को बताया कि सूचना के आधार पर पालडी इलाके में स्थित इस फ्लैट में दबिश दी गई थी। तीन-चार दिनों से टीम नजर रखे हुए थी। फ्लैट के मकान नंबर 104 में बड़े पैमाने पर विदेश से तस्करी करके लाया गया सोना छिपाया गया होने की सूचना थी। ऐसे में सोमवार को जब टीम यहां पहुंची तो मकान बंद मिला। इस मकान को मेघ शाह ने किराए पर लिया था। मेघ की बहन के भी इसी फ्लैट में चौथी मंजिल पर रहने की जानकारी मिली। ऐसे में उनकी उपस्थिति में इस मकान का ताला खोलकर वीडियोग्राफी के बीच जांच की गई। जांच के दौरान काफी मात्रा में सोना मिला। इसके चलते इस मामले में डीआरआई की टीम को भी सूचित किया गया जिससे डीआरआई की टीम भी इस सर्च में जुड़ी।

52 किलो सोने के बिस्किट पर विदेशी मार्कः जोशी ने बताया कि सोमवार दोपहर से शुरू हुई जांच के तहत सोने के बिस्किट, जेवरात, घड़ी और नकदी को गिनने की प्रक्रिया सोमवार पूरी रात चली जो मंगलवार तड़के तक पूरी हुई। जांच में 88 किलो सोने के बिस्किट मिले। इसमें से 52 किलो सोने के बिस्किट पर विदेशी मार्क मिला है, जिससे प्रथम दृष्टया स्पष्ट होता है कि यह बिस्किट विदेश से तस्करी कर लाए गए थे। मौके से 19 किलोग्राम से ज्यादा सोने व हीरा जडि़त आभूषण मिले हैं। इस तरह यहां से 107 किलो से ज्यादा सोना व उसके जेवरात जब्त किए गए। इसमें 11 महंगी घडि़यां भी मिलीं। साथ ही 1.37 करोड़ की नकदी भी बरामद की गई।

जोशी ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच डीआरआई अहमदाबाद जोनल यूनिट करेगी।मेघ शाह व उसके संबंधी इतने बड़े पैमाने पर सोने के बिस्किट व आभूषण मिलने पर कोई पुख्ता जवाब और सबूत नहीं दे पाए। इसके चलते इसे जब्त किया गया है। डीआरआई की टीम ने सोना, जेवरात, घड़ी, नकदी व दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिया।

जोशी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि मेघ शाह शेयर ट्रेडिंग से जुड़ा हुआ है जो मुंबई में रहता है। एटीएस सूत्रों के तहत इस मामले में मेघ के पिता महेन्द्र शाह की भी लिप्तता है।