
गुजरात का पहला मामला, ५ किलो से ज्यादा अंबरग्रीस के साथ ३ हिरासत में
अहमदाबाद. व्हेल मछली की 'उल्टी' (अंबरग्रीस) के साथ तीन लोगों को आनंदनगर पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनके पास से पांच किलो ३५० ग्राम अंबरग्रीस बरामद की गई है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब सात करोड़ बताई जा रही है। अंबरग्रीस को जब्त करने और उसके साथ लोगों को हिरासत में लेने का यह गुजरात पुलिस का पहला मामला बताया जा रहा है।
हिरासत में लिए गए लोगों में मूलरूप से राजस्थान के उदयपुर के सूरजपोल इलाके में रहने वाले हाल आनंदनगर स्थित एक होटल में रुका सुमेर सोनी (४०), गुजरात के भावनगर मस्तराम मंदिर के पास झुग्गी में रहने वाला खालिद ओफी (५०) और जूनागढ़ जिले की केशोद तहसील के बापा सीताराम मंदिर के पास रहने वाले शरीफ छीडा (४६) शामिल हैं।
शहर की आनंदनगर पुलिस ने सूचना के आधार पर सीमा हॉल के पास से इन तीनों ही लोगों को हिरासत में लिया है। इनके पास से पांच किलो ३५० ग्राम अंबरग्रीस मिला। जिसके बारे में तीनों ही संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिससे तीनों को हिरासत में ले लिया है। इन तीनों के पास से व्हेल मछली की उल्टी कहां से आई। ये कहां से लेकर आए थे और इसका क्या करने वाले थे, उसको लेकर जांच की जा रही है। तीनों लोगों के पास से मोबाइल फोन और एक कार भी बरामद की गई है।
जोन सात के पुलिस उपायुक्त प्रेमसुख डेलू ने बताया कि प्राथमिक जांच और आरोपियों की पूछताछ में सामने आया कि यह अंबरग्रीस खालिद और शरीफ जूनागढ़ से लेकर आए थे। ये दोनों ही सुमेर की मदद से इसे बेचने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर अंबरग्रीस कब्जे में ले लिया। एफएसएल अधिकारी ने प्राथमिक जांच में आरोपियों के पास से बरामद वस्तु के अंबरग्रीस होने की पुष्टि की है। जिससे वन्य प्राणी संरक्षण एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। सिड्यूल वन के प्राणियों की किसी भी वस्तु को रखना उन्हें बेचना अपराध है। व्हेल भी सिड्यूल वन में शामिल है।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए तीनों ही व्यक्ति समुद्री काम से जुड़े नहीं हैं। जिससे यह संपर्क में कैसे आए और अब तक की जांच के तहत इसे बेचने वाले और खरीदने वाले अलग-अलग व्यक्ति होने की बात सामने आ रही है। ये लोग सिर्फ कड़ी, एजेंट हैं, जिससे ये मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर होने की आशंका है। इसमें १५ से २० लोगों की लिप्तता सामने आई है, जिससे पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच में जुटी है। इसका पूरा नेटवर्क होने की आशंका है।
डीसीपी ने पुलिसकर्मियों को दिया इनाम
गुजरात में पहली बार अंबरग्रीस के साथ तीन लोगों को हिरासत में लेने के इस मामले की अहम सूचना देने वाले दो पुलिसकर्मियों को डीसीपी जोन सात प्रेमसुख डेलू ने २१००-२१०० रुपए का इनाम देकर सम्मानित किया है। इनमें हेड कांस्टेबल अरविंदकुमार हमीरभाई झाला और कांस्टेबल गोपाल कानजी आयर शामिल हैं।
Published on:
22 May 2021 10:07 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
