
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी-फोटो वीडियो स्क्रीनशॉट-Enhanced by gemini
Gujarat News : अहमदाबाद। गुजरात के आणंद जिले में वलसाड रेलवे स्टेशन से 4 वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण और निर्मम हत्या के आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। गिरफ्तार आरोपी सुरेश परमार ने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश में पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया था। जिसके जवाब में पुलिस को आत्मरक्षार्थ गोलियां चलानी पड़ीं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह उस वक्त हुई जब आणंद लोकल क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी सुरेश को पूछताछ के लिए ले जा रही थी। रास्ते में आरोपी ने उल्टी आने की बात कही, जिस पर पुलिस वैन को सड़क किनारे रोका गया। गाड़ी से बाहर निकलते ही आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर साथ चल रहे पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और भागने की कोशिश की।
इस अचानक हुए हमले में राजवीर सिंह और महीपाल सिंह नाम के दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिस सब-इंस्पेक्टर राणा ने आरोपी को हथियार डालने की चेतावनी दी, लेकिन उसके लगातार हमलावर रहने पर पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। गोली लगने से घायल आरोपी को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
बता दें कि वलसाड रेलवे स्टेशन पर परिवार के साथ रह रही 4 साल की मासूम अचानक लापता हो गई थी। पीड़ित परिवार कुछ ही दिन पहले इलाके में आया था और कचरा बीनकर अपना गुजारा कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी सुरेश परमार को धर दबोचा था।
अपहरण के कुछ ही देर बाद बच्ची का शव बरामद हुआ, जिससे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। वडोदरा डिवीजन रेलवे पुलिस के पुलिस उपाधीक्षक (DySP) जी.एस. बारैया ने बताया कि शुरुआती जांच में गंभीर अपराध के संकेत मिले हैं। हालांकि, मासूम के साथ उत्पीड़न हुआ था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
Updated on:
20 Jul 2026 12:05 pm
Published on:
20 Jul 2026 11:54 am
