10 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अहमदाबाद में एशियन वॉलीबॉल कन्फेडरेशन मेन्स कप, पाक टीम करेगी शिरकत

-20 से 28 जून तक होगा आयोजन, 12 देशों की टीमें लेंगी हिस्सा, 9 दिन में होंगे 38 मैच

2 min read
Google source verification
AVC Mens cup

अहमदाबाद में एवीसी मेन्स कप 2026 की ट्रॉफी का अनावरण किया गया।

Ahmedabad. कॉमनवेल्थ खेल 2030 की मेजबानी से पहले गुजरात कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों के आयोजन का केन्द्र बन रहा है। इसी श्रृंखला में अहमदाबाद में आगामी जून महीने में एशियन वॉलीबॉल कन्फेडरेशन (एवीसी) के मेन्स कप 2026 का आयोजन होगा।

शहर के नारणपुरा स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 20 से 28 जून तक एशियन वॉलीबॉल कन्फेडरेशन (एवीसी) और गुजरात खेल प्राधिकरण (एसएजी) के संयुक्त तत्वावधान में यह स्पर्धा होगी। इसमें पाकिस्तान की टीम भी हिस्सा लेगी। भारत सहित कुल 12 देशों की टीमें शिरकत करेंगी। नौ दिनों में स्पर्धा के तहत 38 मैच खेले जाएंगे।

शुक्रवार को अहमदाबाद में इस टूर्नामेंट की तैयारियों के तहत एसएजी और एवीसी अधिकारियों ने टीमों के ग्रुप विभाजन (पूल कम्पोज़िशन) का ड्रॉ किया और प्रतियोगिता की रूपरेखा तय की।

एसएजी की सहायक निदेशक निलोफ़र शेख ने संवाददाताओं को बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अंतरराष्ट्रीय मित्रता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और क्षेत्रीय सहयोग को भी बढ़ावा देगा। राज्य सरकार और एसएजी का लक्ष्य गुजरात में विश्वस्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर खिलाड़ियों और दर्शकों में वॉलीबॉल के प्रति जागरूकता बढ़ाना और भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को मजबूत करना है। वर्ष 2030 में अहमदाबाद में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी।

पाकिस्तान की टीम ने की पुष्टि: सुजारा

एशियन वॉलीबॉल कन्फेडरेशन (एवीसी) के अध्यक्ष रैमोन सुज़ारा ने बताया कि यह टूर्नामेंट एशिया में पुरुष वॉलीबॉल की श्रेष्ठता को प्रदर्शित करेगा और खेल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इस स्पर्धा में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान की टीम भी आएगी। पाकिस्तान टीम की ओर से इस स्पर्धा में भाग लेने के लिए पुष्टि कर दी गई है। स्पर्धा में भारत (यजमान), ऑस्ट्रेलिया, बहरीन, इंडोनेशिया, कज़ाकिस्तान, कोरिया, न्यूज़ीलैंड, ओमान, पाकिस्तान, क़तर, चीनी ताइपे और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी।