अहमदाबाद. राधिका सेवा समिति की ओर से बागेश्वर धाम महाराज धीरेंद्र शास्त्री का दरबार 29 व 30 मई को शहर के चाणक्यपुरी सेक्टर-6 स्थित अंबामाता मंदिर के सामने लगेगा।
समिति के संरक्षक पुरुषोत्तम शर्मा, मार्गदर्शक कथाकार आचार्य प्रमोद महाराज ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि सनातन धर्म के प्रचार के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। इन दिनों गर्मी अधिक पड़ रही है जिससे शाम को 5 बजे से दरबार शुरू होगा। आयोजन स्थल पर करीब 1 लाख से ज्यादा भक्तों बैठने की व्यवस्था है। 1500 स्वयंसेवक व्यवस्था में जुटे हैं। सुरक्षा के लिए 500 बाउंसर भी तैनात किए जाएंगे।
विहिप ने किया समर्थन
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के गुजरात क्षेत्र के मंत्री अशोक रावल ने बागेश्वर धाम के महाराज धीरेंद्र शास्त्री के अहमदाबाद में दरबार लगाए जाने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हिंदूत्व के लिए जो आदमी काम कर रहा है, उसका विहिप स्वागत करेगी। इसमें कोई गलत बात नहीं है। किसी व्यक्ति ने अनावश्यक प्रश्न पूछा वह ठीक नहीं है, अगर किसी के घर में चोरी होती है तो बागेश्वर धाम वाले को नहीं पूछेंगे, वह तो पुलिस का काम है। शास्त्री ने समाज को जागरुक करने का काम कर रहे हैं।