30 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Gujarat: बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर कोर्स की 760 सीटों के लिए 1115 विद्यार्थी मैदान में

व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रवेश समिति (एसीपीसी) ने बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर कोर्स (बीआर्क) की प्रोविजनल मेरिट लिस्ट की जारी, मॉक राउंड की चॉइस फिलिंग शुरू, पांच जुलाई को जारी किया जाएगा मॉक राउंड का परिणाम
2 min read
Google source verification
ACPC

एसीपीसी

Ahmedabad. व्यावसायिक पाठ्यक्रम प्रवेश समिति (एसीपीसी) ने बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर कोर्स (बीआर्क) की 20 कॉलेजों की 1317 सीटों में से सरकारी कोटे की 760 सीटों पर प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की मंगलवार को प्रोविजनल मेरिट जारी कर दी। इसमें 1115 विद्यार्थियों को जगह दी गई है।

एसीपीसी के अनुसार शैक्षणिक वर्ष 2026-27 में बीआर्क के प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए 19 मई से 20 जून तक कराए गए ऑनलाइन पंजीकरण में 1190 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। इसमें से प्रोविजनल मेरिट में 1115 विद्यार्थियों को जगह दी गई है। गत वर्ष 2025 में पंजीकरण कराने वाले 1128 विद्यार्थियों में से 1064 विद्यार्थियों को प्रोविजनल मेरिट में स्थान दिया गया था। प्रोविजनल मेरिट जारी होने के साथ ही मॉक राउंड के लिए चॉइस फिलिंग शुरू हो गई है। विद्यार्थी पांच जुलाई तक चॉइस फिलिंग कर सकते हैं। पांच जुलाई की रात को मॉक प्रवेश की परिणाम घोषित होगा। पहले चरण के लिए फाइनल चॉइस फिलिंग 12 जुलाई तक की जा सकेगी।

पहले चरण के प्रवेश 14 जुलाई को जारी दिए जाएंगे।एसीपीसी के अनुसार मेरिट में 12वीं विज्ञान संकाय, डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स करने वाले नाटा 2025, 2026 या फिर जेईई मेन्स 2026 पेपर-2 देने वाले विद्यार्थियों को काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर के योग्यता के तहत बीआर्क में प्रवेश दिया जाएगा। प्रोविजनल मेरिट में ऐसे विद्यार्थियों को ही जगह दी गई है। इसमें सामान्य श्रेणी के 739, ईडब्ल्यूएस के 160, एसईबीसी के 162, एससी के 29 और एसटी श्रेणी के 25 विद्यार्थी शामिल हैं। इस साल अन्य राज्यों के 240 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। बोर्ड की बात करें तो सबसे ज्यादा 420 विद्यार्थी गुजरात बोर्ड के और 405 विद्यार्थी सीबीएसई के हैं। 145 डिप्लोमा इंजीनियरिंग धारक हैं।

गुजरात में हैं 20 कॉलेज, 13 सौ से ज्यादा सीटें

गुजरात में दो अनुदानित कॉलेजों में बीआर्क की 100 सीटें, पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 542 सीटें हैं। इसमें से सरकारी सीटें 167 हैं, जबकि प्रबंधन कोटा और एनआरआइ कोटे की 375 सीटें हैं। 13 निजी कॉलेजों की 675 सीटों में से सरकारी कोटे की 493 और प्रबंधन व एनआरआइ कोटे की 182 सीटें हैं। 20 कॉलेजों की 1317 सीटों में से सरकारी कोटे की 760 सीटों पर ही एसीपीसी की ओर से प्रवेश दिया जाएगा। प्रबंधन एवं एनआरआइ कोटे की सीटों पर संबंधित निजी कॉ़लेज एवं सीओई की ओर से प्रवेश की प्रक्रिया की जाएगी।