
भाजपा-कांग्रेस के बीच ही मुकाबला, जीतेंगे रिकॉर्ड सीटें: प्रदीप सिंह वाघेला
नगेन्द्र सिंह
Ahmedabad. गुजरात में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पाटीदार आरक्षण आंदोलन के चलते वर्ष 2017 में 100 से कम सीटों पर सिमटी भाजपा ने इस साल सभी 182 सीटें जीतने का बड़ा लक्ष्य रखा है। पहली बार कांग्रेस के साथ-साथ भाजपा को आम आदमी पार्टी (आप) से भी कड़ी टक्कर मिल रही है। दिल्ली के बाद पंजाब में सरकार बनाने के बाद से ‘आप’ गुजरात में पूरे दमखम से उतर रही है। ऐसे में इस बार के चुनावी समीकरण अन्य सालों की तुलना में थोड़े बदले नजर आ रहे हैं। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। इन मुद्दों पर गुजरात भाजपा के महामंत्री प्रदीप सिंह वाघेला से पत्रिका की बातचीत।
सवाल: इस बार के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के अलावा ‘आप’ भी मजबूती से उतर रही है, कैसी है तैयारी?
जवाब: भाजपा विकास की राजनीति करने के साथ सामाजिक दायित्व भी निभाती है। कोरोना महामारी के दौर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों के बीच जाकर सेवा की। चुनाव में भाजपा का मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी से नहीं कांग्रेस से है। ‘आप’ की तो यहां डिपॉजिट जब्त होने वाली है, जैसा यूपी और उत्तराखंड में हुआ था। इस बार भाजपा अब तक की रिकॉर्ड सीटें जीतेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब गुजरात के सीएम थे तब उनके मार्गदर्शन से वन बूथ 10 यूथ का मजबूत ढांचा तैयार किया गया। उसके बाद पन्ना प्रमुख और फिर अब पेज समिति की 80 लाख सदस्यों की मजबूत व बड़ी टीम बूथ स्तर पर प्रदेश अध्यक्ष पाटिल के नेतृत्व में तैयार की है। भाजपा का वोटिंग प्रतिशत भी बीते चुनाव के 49.05 प्रतिशत से बढकऱ 50-55 प्रतिशत पर पहुंचेगा। जिससे हम रिकॉर्ड सीटें जीतेंगे।
सवाल: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। गुजरात चुनावों पर उसका कितना असर होगा?
जवाब: गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं लेकिन आश्चर्य है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में यह दोनों ही राज्य शामिल नहीं हैं। जहां तक असर की बात है तो वे भारत जोड़ो यात्रा पर हैं और गुजरात में कांग्रेस के कार्यकर्ता कांग्रेस तोड़ो यात्रा पर हैं। आए दिन कोई न कोई विधायक और नेता, कार्यकर्ता पार्टी छोड़़ रहा है। जिससे साफ है कि गुजरात में उस यात्रा का कोई असर नहीं पडऩे वाला। अगर वे चुनाव के दौरान गुजरात आते भी हैं तो उसका फायदा भाजपा को ही होगा।
सवाल: गुजरात में चुनाव से करीब एक वर्ष पूर्व ही मुख्यमंत्री से लेकर पूरा मंत्रिमंडल बदल दिया गया। चुनाव में उसका नुकसान भी हो सकता है?
जवाब: मुख्यमंत्री से लेकर पूरा मंत्रिमंडल बदलने का कार्य सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। बदलाव के बाद नए लोगों को मौका दिया गया। वे सभी अच्छा कार्य कर रहे हैं। चुनाव में नुकसान होने का सवाल ही नहीं है क्योंकि कोई नाराजगी नहीं है। जिन्हें मौका दिया गया है वे भी भाजपा के ही कार्यकर्ता हैं। जिन्हें हटाया वे भी कार्यकर्ता हैं।
सवाल: कितने युवाओं को इस बार पार्टी टिकट देने वाली है? आप भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। कई युवा नेता तैयार हुए हैं?
जवाब: भारतीय जनता पार्टी ही ऐसी पार्टी है, जिसमें एक कार्यकर्ता पार्टी अध्यक्ष से लेकर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री तक बन सकता है। कितने युवाओं को टिकट दिया जाएगा उसका फैसला तो पार्टी का संसदीय बोर्ड और शीर्ष नेतृत्व करेगा, लेकिन वे इतना जरूर कह सकते हैं कि जीतने की संभावना वाले युवा को टिकट मिल सकता है। पार्टी युवाओं को तवज्जो देती है।
Published on:
17 Oct 2022 11:16 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
