
Chandola Talab
अहमदाबाद महानगर पालिका ने जिला कलक्टर और शहर पुलिस के साथ मिलकर चंडोला तालाब किनारे अब तक की सबसे बड़ी अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई शुरू की है। मंगलवार तड़के मनपा आयुक्त बंछानिधि पानी, शहर पुलिस आयुक्त जी एस मलिक, 2000 पुलिस कर्मचारियों की उपस्थिति में मनपा की टीमों ने 50 बुलडोजर, जेसीबी मशीनों से कार्रवाई शुरू की, जो देर शाम तक भी जारी रही।दरअसल, पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद राज्यभर में अवैध बांग्लादेशी लोगों विरुद्ध अभियान छेड़ा है। इस दौरान अहमदाबाद शहर से हिरासत में लिए गए 900 संदिग्ध बांग्लादेशी लोगों में से बड़ी संख्या में लोग चंडोला तालाब किनारे बने अवैध मकानों (झुग्गियों) से पकड़े गए थे। तालाब किनारे ज्यादातर अवैध मकानों को लेकर मनपा ने पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई शुरू की है। इससे पहले वर्ष 2009 में यहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की थी। उस समय जितने अतिक्रमण हटाए थे, उससे ज्यादा फिर हो गए।
मनपा सूत्रों के तहत चंडोला तालाब किनारे 1.25 लाख वर्ग मीटर जगह में अतिक्रमण कर अवैध रूप से 3000 कच्चे पक्के मकान व दुकानें बना दी हैं। मनपा एस्टेट विभाग की टीम ने मंगलवार सुबह सभी सात जोन के अधिकारियों की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा के बीच इन्हें तोड़ने की कार्रवाई शुरू की है। अतिक्रमण के चलते तालाब का जलभराव क्षेत्र में भी कमी आ गई। तालाब का पानी भी दूषित हो गया।
शहर पुलिस सूत्रों के तहत चंडोला तालाब संदिग्ध आतंकियों, देह व्यापार, ड्रग्स, शराब बिक्री सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों का अड्डा बन रहा था। गुजरात एटीएस ने 2022 में प्रतिबंधित आतंकी संगठन अल कायदा इंडियन सब कॉन्टीनेंट से जुड़े चार संदिग्ध आतंकियों को तालाब किनारे से ही पकड़ा था, जो मूल बांग्लादेशी थे। एनआईए जांच कर रही है। मानव तस्करी से जु़ड़े आरोपी पकड़े गए। यहां से अवैध रूप से पैसों को बांग्लादेश भेजने का खुलासा हुआ था।
बीते दिनों शहर पुलिस की ओर से पकड़े गए 900 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों, महिलाओं की पूछताछ में आया कि चंडोला तालाब में रहने वाला लल्लू उर्फ लाला बिहारी पठान बांग्लादेश से घुसपैठ कर आने वाले लोगों को मकान किराए पर देता था। फर्जी रेंट एग्रीमेंट कर उनके आधार कार्ड भी बनवाता था। ऐसे में उस पर और उसके पुत्र पर भी एफआईआर दर्ज की है। पुत्र को हिरासत में लिया है। लल्लू देहव्यापार, फर्जी दस्तावेज बनाने, किराए पर मकान देने, अवैध मकान बनाने में लिप्त है।
इस कार्रवाई के दौरान ड्रोन के जरिए शहर पुलिस की टीमों ने चंडोला तालाब व उसके आसपास के क्षेत्र में नजर रखी। पुलिस आयुक्त जी एस मलिक ने कहा कि 2000 पुलिसकर्मी, 20 एसआरपीएफ कंपनी के कड़े पहरे के बीच संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) शरद सिंघल की अगुवाई में कार्रवाई की जा रही है। पूरी शहर पुलिस अलर्ट मोड पर है।
Published on:
29 Apr 2025 10:53 pm
बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
