
प्रभासपाटण. श्री सोमनाथ महादेव मंदिर का ६८वां स्थापना दिवस शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। मंदिर के गर्भगृह में प्राण प्रतिष्ठा विधि की थीम पर रंगोली सजाई गई। उत्सव का प्रारंभ स्वच्छता अभियान से किया गया, जिसमें नगरपालिका, बीवीजी टीम, डॉक्टर एसोसिएशन के साथ श्री सोमनथ ट्रस्ट के अधिकारी व कर्मचारी जुड़े थे। इसके बाद लघुरुद्र यज्ञ, सरदार वंदना, संकल्प दिवस की विशेष महापूजा एवं महाआरती की गई। कठलाल के ध्रुव व्यास ग्रुप की ओर से तत्कालीन समय (११ मई १९५१ को) डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने गर्भगृह में की प्राण प्रतिष्ठा विधि की ऐतिहासिक थीम पर विशेष रंगोली तैयार की गई।
स्थापना दिवस पर ध्वजा पूजा एवं ध्वजारोहण किया गया। बाद में सर्वरोग निदान शिविर आयोजित किया गया। इस मौके पर राज्यमंत्री वासणभाई आहिर, ट्रस्टी प्रो. जे. डी. परमार व ट्रस्ट के अधिकारी व कर्मचारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे। सोमनाथ मंदिर का विशेष श्रृंगार किया गया। नृत्य मंडप में पूर्वीबेन सेठ ग्रुप की ओर से नृत्य के माध्यम से नटराज की आराधना की गई।
शाह ने परिवार से साथ किए दर्शन
श्री सोमनाथ ट्रस्ट के ट्रस्टी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी परिवार के साथ शुक्रवार को श्री सोमनाथ महादेव के दर्शन किए और गंगाजल से अभिषेक किया। इस मौके पर विशेष पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें शाह के साथ उनके पुत्र जयशाह, पुत्रवधु एवं पौत्री भी मौजूद रही। ट्रस्टी प्रो. जे. डी. परमार की ओर से शॉल एवं सोमनाथ भगवान की स्मृति देकर उनका सम्मान किया गया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जीतुभाई वाघाणी, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखुभाई दलसाणिया आदि उपस्थित रहे।
स्थापना दिवस के मौके पर आने वाले भक्तों को स्वास्थ्य सेवा का लाभ मिल सके, इसके लिए सामाजिक संस्था, स्वास्थ्य विभाग एवं गिर सोमनाथ के सहयोग से निशुल्क सर्वरोग निदान शिविर का आयोजन श्री सोमनाथ ट्रस्ट के माहेश्वरी अतिथिगृह में किया जाएगा। शिविर में हृदय रोह, गुर्दा, मधुमेह, हड्डी, बालरोग, दांत, फिजीयोथैरापिस्ट आदि विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे और निशुल्क दवाई वितरित की गई।
Published on:
11 May 2018 10:38 pm

बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
