
अहमदाबाद शहर में सीएनजी की नई दर।
Ahmedabad. महंगाई के बीच आम लोगों को एक और झटका लगा है। पेट्रोल और डीजल के बाद अब कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) और भी महंगी हो गई है। अदाणी गैस ने अहमदाबाद शहर में सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। नई दरें रविवार सुबह से ही लागू कर दी गई हैं। ऐसे में अब अहमदाबाद शहर में सीएनजी की कीमत 90.02 रुपये प्रति किलो हो गई है। इससे पहले यह कीमत 88.02 रुपए प्रति किलो थी।
सीएनजी की कीमत बढ़ने से निजी वाहन चालकों के साथ-साथ सीएनजी से चलने वाले ऑटो-रिक्शा, टैक्सी और अन्य व्यावसायिक वाहनों का परिचालन खर्च भी बढ़ जाएगा। इससे परिवहन लागत में वृद्धि होने की संभावना है, जिसका असर आम लोगों के दैनिक खर्च पर भी पड़ सकता है। ईंधन की कीमतों में लगातार हो रहे बदलाव के बीच सीएनजी की कीमत में हुई इस बढ़ोतरी ने वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है।
ऑटो रिक्शा चालक वेल्फेयर एसोसिएशन अहमदाबाद और अहमदाबाद रिक्शा चालक एकता यूनियन दोनों ही यूनियनों ने सीएनजी की कीमतों में की गई वृद्धि पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
ऑटो रिक्शा चालक वेल्फेयर एसोसिएशन अहमदाबाद के अध्यक्ष राज शिरके ने बताया कि सीएनजी की प्रति किलो कीमत में बीते सात महीनों में 10 रुपए की वृद्धि की गई है। जनवरी से जुलाई के दौरान 10 रुपए बढ़े हैं। इससे पहले 27 मई को प्रति किलो दो रुपए की वृद्धि की गई थी। तब कीमत 86.02 रुपए से बढ़कर 88.02 रुपए हुई थी। उसके बाद 19 जुलाई यानि रविवार को फिर से दो रुपए प्रति किलोग्राम सीएनजी महंगी कर दी है। ऐसे में सीएनजी की प्रति किलोग्राम कीमत बढ़कर 90.02 रुपए हो गई है। एसोसिएशन इस वृद्धि का विरोध करता है।
अहमदाबाद रिक्शा चालक एकता यूनियन के अध्यक्ष विजय मकवाणा ने कहा कि सीएनजी मूल्य वृद्धि का वे कड़े शब्दों में विरोध करते हैं। बढ़ी हुई कीमतों से ऑटो चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि एक ओर पिछले महीने ऑटो किराए में बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब तक उसका लाभ चालकों को नहीं मिला है। ऐसे में सीएनजी की कीमत बढ़ाना ऑटो चालकों के लिए घाव पर नमक छिड़कने जैसा है। यूनियन की मांग है कि परिवहन विभाग बढ़े हुए किराए की अधिसूचना जल्द जारी करे, ताकि बढ़ती महंगाई और सीएनजी की नई दरों के बीच ऑटो चालकों को राहत मिल सके।
Updated on:
19 Jul 2026 10:13 pm
Published on:
19 Jul 2026 10:13 pm
